weather 5 1

हरियाणा सरकार ने बदले 3 कॉलेजों के नाम, कहा शहीदों व सेनानियों को सम्मान देने की पहल

हरियाणा
  • हरियाणा सरकार ने तीन कॉलेजों के नाम शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर रखने को मंजूरी दी।
  • भिवानी और रोहतक जिले के कॉलेजों को यह सम्मान दिया गया है।
  • शहीद गजेंद्र सिंह, ठाकुर शम्भु सिंह और शहीद राय सिंह के नाम पर कॉलेजों का नामकरण किया गया।

हरियाणा सरकार ने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के तीन कॉलेजों के नाम बदलने की प्रशासनिक मंजूरी दी है। यह फैसला देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि देने और नई पीढ़ी को उनके त्याग से प्रेरित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने जानकारी दी कि भिवानी जिले के राजकीय महिला महाविद्यालय बवानीखेड़ा का नाम अब आज़ाद हिंद फौज के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय ठाकुर शम्भु सिंह के नाम पर रखा जाएगा। ठाकुर शम्भु सिंह भारत की आज़ादी के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

इसके साथ ही भिवानी के ही राजकीय महाविद्यालय खरक का नाम शहीद गजेंद्र सिंह के नाम पर रखा गया है। गजेंद्र सिंह 134 बटालियन सीमा सुरक्षा बल में सहायक कमांडेंट के रूप में तैनात थे। वे 7 मार्च 2018 को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी वीरता के लिए भारत सरकार ने उन्हें 26 जनवरी 2021 को वीरता मेडल से सम्मानित किया।

Whatsapp Channel Join

रोहतक जिले के सांपला स्थित राजकीय महाविद्यालय का नाम अब शहीद राय सिंह के नाम पर होगा। राय सिंह 20 नवंबर 2016 को जम्मू के राजौरी में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का यह कदम शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को सम्मान देने का प्रतीक है और इससे छात्रों में देशभक्ति की भावना को और बल मिलेगा। अन्य दो कॉलेजों के नाम भी जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे।