हरियाणा के पूर्व सीएम राव बीरेंद्र सिंह के पौत्र कांग्रेसी नेता अर्जुन राव का निधन हो गया है। अर्जुन राव ने विदेश में अंतिम सांस ली। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया कि उनकी मृत्यु कैसे हुई। रामपुरा हाउस की तरफ से भी अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अर्जुन राव की डेडबॉडी रेवाड़ी पहुंचेगी। सूत्रों की मानी जाए तो अर्जुन राव 16 अक्टूबर को बैंकॉक गए थे। जहां उनका दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हुआ।
बता दें कि कांग्रेस नेता अर्जुन राव की उम्र करीब 44 साल है। पिता राव अजीत सिंह के अस्वस्थ होने के कारण अर्जुन राव ही अपना पारिवारिक बिजनेस संभाल रहे थे। अर्जुन के राजनीति में सक्रिय होने से पहले उनके पिता राव अजीत भी कई विधानसभा चुनाव लड़ चुके है, लेकिन उन्हें आज तक किसी भी चुनाव में जीत हासिल नहीं हुई।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के भतीजे
अर्जुन ने अपनी राजनीतिक पारी पिछले विधानसभा चुनाव में अटेली विधानसभा सीट से शुरू की थी। उनके ताऊ केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के कांग्रेस पार्टी छोड़ने के बाद अर्जुन राव ने रणदीप सुरजेवाला के मार्फत पार्टी जॉइन की थी। अर्जुन राव केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के भतीजे है। कुछ दिन पहले ही अर्जुन राव अटेली विधानसभा में अपने कार्यालय का उद्घाटन करते समय अपने पिता राव अजीत सिंह के साथ नजर आए थे।