हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लोगों से आवाहन किया है कि लोगों को संविधान कमजोर करने वालों का विरोध करना चाहिए और सब एक होकर संविधान को मजबूत बनाएं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज रोहतक स्थित अपने पिता रणवीर सिंह की 109वीं जयंती पर उनकी समाधि संविधान स्थल पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। वही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी कथनी-करनी में काफी अंतर है। भाजपा पूरे देश में झूठ की राजनीति कर रही है। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद दोनों नेता पत्रकारों से बात कर रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पिता स्वतंत्रता सेनानी और संविधान निर्मात्री सभा के सदस्य चौधरी रणबीर सिंह की 109वीं जयंती थी। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उनके पिता ने स्वतंत्रता के आंदोलन में स्नातक पास करते ही भाग लेना शुरू कर दिया था और वह आठ बार जेल में रहे हैं। चौधरी रणबीर सिंह संविधान निर्मात्री सभा के सदस्य रहे हैं और सात विभिन्न सदनों के सदस्य भी रहे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लोगों से आवाहन किया कि वह संविधान को कमजोर करने वाले वालों का विरोध करें और सब लोग एक होकर संविधान को मजबूत बनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि हम सबको उन स्वतंत्रता के नायको का अभिवादन करना चाहिए। जिनका ना नाम पता है, ना शहर का पता है, ऐसे लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति हमें कृतज्ञता प्रकट करनी चाहिए।

भाजपा की कथनी-करनी में काफी अंतर : उदयभान
उधर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को पनौती बताते हुए कहा कि गूगल पर झूठे आदमियों को सर्च करने पर मोदी सबसे पहली लाइन में मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी-करनी में काफी अंतर है जब राजस्थान में 450 सो रुपए में सिलेंडर देने का वादा कर सकती है तो हरियाणा में क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा झूठ की राजनीति करती है।