● हरियाणा में तापमान 35 डिग्री पार, सिरसा में सर्वाधिक 35.4 डिग्री दर्ज
● 3-4 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ से हल्की बादलवाही और हवाएं चलने की संभावना
● मार्च में सामान्य से 41% कम बारिश, किसानों को फसल कटाई में सतर्कता की सलाह
Haryana Weather: हरियाणा में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि सिरसा में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से पिछले तीन दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई थी। अप्रैल में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि मई और जून में राज्य में लू (हीट वेव) चलने की संभावना है।
हरियाणा कृषि विज्ञानियों ने अगेती गेहूं लगाने वाले किसानों को अंतिम सिंचाई जल्द से जल्द करने की सलाह दी है। साथ ही, तेज हवाओं के बीच सिंचाई करने से बचने की भी हिदायत दी गई है, ताकि फसल को नुकसान न पहुंचे।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. मदन के अनुसार, 4 अप्रैल तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 3 और 4 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में नमी बढ़ सकती है, जिससे आंशिक बादल छा सकते हैं और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चल सकती हैं।
हरियाणा में इस साल मार्च में सामान्य से 41% कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के दौरान कुल 8.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस माह की औसत सामान्य वर्षा 15.1 मिमी मानी जाती है। मार्च प्री-मानसून का पहला महीना होता है, लेकिन इस साल यह लगभग सूखा ही बीता। अब अप्रैल और मई में किसानों को बारिश की उम्मीद है, हालांकि इस समय फसल कटाई और कढ़ाई का कार्य ही किया जाता है।