हरियाणा के सिरसा स्थित डबवाली के देसूजोधा के पास से कोटला ब्रांच में पानी ओवरफ्लो होने के चलते मंगलवार रात करीब 1 बजे दरार आ गई। देखते ही देखते कोटला ब्रांच में 100 फीट कटाव हो गया। जिसके चलते किसानों की सैंकड़ों एकड़ फसल में जलभराव हो गया। कटाव का पता चलने पर भारी संख्या में किसान और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। वहीं दरार भरने के लिए प्रशासन द्वारा शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर फोर्स विंग का सहयोग लिया गया। बुधवार रात करीब 10 बजे तक किसान-सेवादारों ने दरार को भर दिया। वहीं किसानों ने प्रशासन से विशेष गिरदावरी कराकर मुआवजे की मांग की है।जानकारी देते हुए पीड़ित किसान भाग सिंह, राजा सिंह, गुरदीप सिंह, सोहन सिंह, अमरीक सिंह, भोला सिंह आदि ने बताया कि पंजाब सिंचाई विभाग बख्तू हेड पर दबाव बढ़ते ही देसूजोधा के पास बह रही भाखड़ा ब्रांच में पानी छोड़ता है। जिसके चलते पूरी तरह से कच्ची कोटला ब्रांच में कटाव आ जाता है। बीते मंगलवार को कोटला ब्रांच में पानी छोड़ा गया। जिसकी सूचना पर किसान रात में पहरा दे रहे थे, इसी बीच नहर में दरार आ गई।
सिंचाई विभाग ने हस्तक्षेप करने से किया मना
किसानों ने अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से दरार को बांधने का काम शुरू किया। परंतु कुछ ही समय में दरार 100 फीट तक फैल गई। जिस पर ग्रामीणों ने हरियाणा व पंजाब के सिंचाई विभाग को सूचना दी। पंजाब के सिंचाई विभाग ने किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप करने से मना कर दिया।
पानी बढ़ने से दरार भरना हुआ मुश्किल
वहीं सूचना पर नहरी विभाग के एक्सईएन टीम के साथ कोटला ब्रांच पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ दरार भरने का हर संभव प्रयास किया। लेकिन पंजाब की तरफ से कोटला ब्रांच में पानी का स्तर लगातार बढ़ता गया। जिसके चलते दरार भरना मुश्किल हो गया। जिसके बाद प्रशासन ने शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर फोर्स विंग का सहयोग लिया।
पंजाब की ओर से आए ओवरफ्लो से हुआ जलभराव : तहसीलदार
सेवादारों ने ग्रामीणों के साथ दरार को भर दिया। तहसीलदार विजय कुमार ने बताया कि पंजाब की तरफ से आए ओवरफ्लो से सैकड़ों एकड़ फसल में जलभराव हो गया है। नुकसान का जायजा उच्च अधिकारियों के संज्ञान में दिया जाएगा।