हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे 44 पर आज सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जीटी रोड पार कर रहे 2 व्यक्तियों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पायी है। थाना बड़ी पुलिस मौके पर छानबीन में लगी है।
जानकारी अनुसार हादसा गन्नौर क्षेत्र में गांव पिपलीखेड़ा फ्लाई ओवर के नजदीक हुआ है। दो व्यक्ति यहां से जीटी रोड को क्रॉस कर दूसरी तरफ जा रहे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार कर ने उनको सीधे टक्कर मार दी। कार की टक्कर से दोनों उछलकर दूर जा गिरे। दुर्घटना में लगी गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी इंडस्ट्रियल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई आरंभ की। दोनों के पास से ऐसा कुछ नहीं मिलना, जिससे कि उनकी पहचान हो सके। कार्रवाई के बाद दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया।
प्रांरभिक जानकारी अनुसार दोनों मृतक प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं, जो कि बड़ी इंडस्ट्रियल क्षेत्र की किसी कंपनी में काम करते थे। दोनों सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकले थे, रास्ते में ये हादसा हो गया। पुलिस उनकी पहचान के प्रयास में लगी है।