City Tehlka

सिरसा की गर्मी ने कर राख्या बुरा हाल, पर अब बरसात देगी आराम

हरियाणा


हरियाणा में 1 से 3 मई तक बारिश की संभावना और तूफान का अलर्ट जारी
गुरुवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल में तेज हवाओं का खतरा
तापमान में गिरावट, सिरसा रहा सबसे गर्म, 40.4 डिग्री दर्ज


Haryana rain alert: हरियाणा में मौसम ने करवट लेने की तैयारी कर ली है। 1 से 3 मई तक राज्य में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने तूफान की चेतावनी भी जारी की है। गुरुवार, 1 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों में तेज हवाएं चलने और आंधी आने की आशंका है, जबकि बाकी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 1 मई को हरियाणा के 16 जिलों में बारिश हो सकती है, जिनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार शामिल हैं। जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और मेवात में मौसम शुष्क रहेगा।

Whatsapp Channel Join

2 मई को बारिश का दायरा बढ़ेगा और हरियाणा के 18 जिलों में बारिश होने का अनुमान है। सिरसा, फतेहाबाद, जींद और हिसार में मौसम शुष्क रह सकता है। 3 मई को पूरे राज्य में बारिश की संभावना है। हालांकि, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में बारिश की संभावना 25-50% तक जताई गई है, जबकि अन्य जिलों में यह केवल 25% है।

गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए यह राहत की खबर है। हरियाणा के अधिकतम तापमान में बुधवार को औसतन 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि सिरसा 40.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला रहा। बीते 24 घंटे में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया, जिसमें सिरसा में सबसे ज्यादा 1.8 डिग्री की गिरावट और पलवल में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।