- हरियाणा के 5 जिलों में सुबह-सुबह तेज बारिश, ओलावृष्टि और जलभराव की स्थिति बनी।
- मौसम विभाग ने आज 10 जिलों में खराब मौसम और 40-60 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
- 6 जून से प्रदेश में मौसम सामान्य और खुश्क रहने की संभावना, दिन के तापमान में बढ़ोतरी के आसार।
Haryana Rainfall Update: हरियाणा में गुरुवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली, और सुबह से ही कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। चरखी दादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद और हिसार में अलग-अलग स्तर की वर्षा दर्ज की गई। दादरी, महेंद्रगढ़ और भिवानी में तेज बारिश से जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि हिसार में बारिश के साथ ओले भी गिरे। फतेहाबाद में हल्की बूंदाबांदी देखी गई।

मौसम विभाग ने आज चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, हिसार, सोनीपत, जींद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, झज्जर और फतेहाबाद सहित कुल 10 जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं, बिजली की गड़गड़ाहट और बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही, बेरी खास, सांपला, बवानी खेड़ा, हांसी, नारनौंद, महम, गोहाना, जुलाना और नरवाना में भी तेज हवाएं चल सकती हैं।
दूसरी ओर, तावड़ू, नांगल चौधरी, नारनौल, अटेली, कनीना, भद्रा, बावल, रेवाड़ी, पटौदी, कोसली, मातनहेल, बहादुरगढ़, खरखौदा, सफीदों, टोहाना और रतिया जैसे इलाकों में बूंदाबांदी और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर 5 जून तक बना रहेगा, जिसके कारण कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और आंशिक बादल बने रहेंगे। 6 जून से हवाओं की दिशा में बदलाव के चलते मौसम खुश्क और गर्म होने लगेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में वृद्धि होगी और कहीं-कहीं धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं।
बुधवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ा, हालांकि यह सामान्य से अभी भी 5.8 डिग्री कम बना हुआ है। इस दौरान रोहतक सबसे गर्म जिला रहा, जहां का तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, पंचकूला में सबसे ज्यादा गिरावट 1.5 डिग्री की रही और भिवानी में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।