Screenshot 969

Haryana Congress की यमुनानगर में जनआक्रोश रैली आज, EX CM सहित सांसद दीपेंद्र हुड्डा लेंगे भाग

यमुनानगर राजनीति हरियाणा

हरियाणा में 2024 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस आज यमुनानगर के रादौर से चुनावी आगाज करने जा रही है। कांग्रेस के पूर्व सीएम रादौर में होने वाली जन आक्रोश रैली में सांसद बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा के साथ शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पूरे प्रदेश में 90 विधानसभा क्षेत्रों में जन आक्रोश रैलियां करने जा रहे हैं।

कांग्रेस लाओ-देश बचाओ अभियान के तहत यह रैलियां हो रही हैं, यमुनानगर से इसकी शुरुआत हो रही है। रैली में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष कुमारी शैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला और कांग्रेस विधायक किरण चौधरी नहीं शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि एसआरके ग्रुप के नेताओं का हरियाणा में कोई कार्यक्रम नहीं लगा हुआ है।

पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता भी लेंगे भाग

Whatsapp Channel Join

कांग्रेस पार्टी ने इन रैलियों को ‘जन आक्रोश रैली’ का नाम दिया है। इन रैलियों में हुड्डा प्रदेश की भाजपा व जजपा गठबंधन सरकार के ऐसे वादे और घोषणाओं की लिस्ट लेकर जाएंगे, जो आज तक पूरी नहीं हो सकी हैं। हुड्डा की इन रैलियों में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक, पूर्व विधायक, पार्टी उम्मीदवार, क्षेत्रीय सांसद व पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री तथा पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता व नेता भी भागीदारी करेंगे। कांग्रेस की यह रैलियां अगले लोकसभा और विधानसभा के चुनाव प्रचार की कड़ी में आयोजित की जा रही हैं।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में होंगे शामिल पूर्व सीएम

पहली नवंबर को यमुनानगर के रादौर में हुड्डा की जन आक्रोश रैली के बाद 5 नवंबर को इसराना में जन आक्रोश रैली होनी थी, लेकिन वह फिलहाल इसलिए स्थगित कर दी गई है, क्योंकि इस दिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा फतेहाबाद के टोहाना में सरपंचों के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रैलियां अपने पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।

11 सदस्यीय कमेटी का किया गठन

भूपेंद्र सिंह हुड्डा व चौधरी उदयभान की सभी 90 हलकों में जन आक्रोश रैलियां आयोजित की जाएंगी। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान की ओर से इन रैलियों की सफलता के लिए एक 11 सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया है। पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा को इस कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। कार्यकारी प्रधान जितेंद्र भारद्वाज व चार विधायक कमेटी में सदस्य बनाए गए हैं।