Haryana के Hisar में लेडी HCS अफसर ज्योति मित्तल ने आज SDM पद पर जॉइनिंग ली और आते ही सरकारी कार्यालय में जींस पहनने पर रोक लगा दी। उन्होंने आदेश जारी कर कहा कि कार्यालय में ड्यूटी के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को औपचारिक परिधान (फॉर्मल ड्रेस) पहनना सुनिश्चित करना होगा।
SDM ज्योति मित्तल ने जींस पहनकर आए कई कर्मचारियों को टोका और तुरंत इस आदेश को लागू किया। आदेश में कहा गया कि “SDM कार्यालय हिसार में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेशित किया जाता है कि ड्यूटी के दौरान औपचारिक परिधान पहनें और जींस आदि कार्यालय में ड्यूटी के दौरान न पहनें।”
इसके अलावा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी पहनकर कार्यालय आने का निर्देश भी दिया गया। आदेशों की पालन सख्ती से करने को कहा गया है।
हरियाणा की HCS अधिकारी ज्योति मित्तल ने हिसार के उपमंडल अधिकारी (SDM) के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के विकास और प्रशासनिक कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ज्योति मित्तल ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील की और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के सहयोग से ही जिले में समग्र विकास संभव है।
ज्योति मित्तल इसराना SDM के पद से ट्रांसफर होकर यहां आई हैं। इससे पहले उन्होंने नगराधीश रोहतक, हिसार में जिला परिषद के अतिरिक्त CEO, खरखौदा व गुहला चीका में SDM, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की पहली महिला सचिव और चिकित्सा शिक्षा अनुसंधान विभाग पंचकूला में संयुक्त निदेशक जैसे अहम पदों पर कार्य किया है।





