City Tehlka

आसमान में गरज, खेतों में चिंता: किसानों के लिए मौसम ने बढ़ाई चुनौती

हरियाणा

● पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा में बारिश और तेज हवाओं का असर
● तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट, लेकिन अब भी सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक
● किसानों को गेहूं की कटाई के दौरान बंडल बनाने और सुरक्षा बरतने की सलाह


Weather update Haryana: हरियाणा में वीरवार को मौसम ने करवट ली और कई जिलों में तेज हवाएं, आंधी और बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। दिनभर बादल छाए रहेंगे, तेज हवाएं चलेंगी और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि बीते कुछ दिनों से पूर्वी हवाएं सक्रिय थीं, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। यह वृद्धि इतनी तेज थी कि अप्रैल के मध्य का तापमान पहले ही दर्ज होने लगा। उनका कहना है कि सूर्य की सीधी किरणें धरती पर आने से यह बदलाव हुआ है।

Whatsapp Channel Join

हालांकि अब 9 अप्रैल की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके कारण प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी होगी। इस कारण फिलहाल तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन 14 अप्रैल के बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

कृषि वैज्ञानिक किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। भिवानी जिले के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. देवीलाल ने कहा कि किसान गेहूं की कटाई करते समय फसल को साथ ही बंधाई करके बंडल बना लें। इससे तेज हवाओं में फसल के बिखरने और नुकसान से बचा जा सकेगा। मशीन से कटाई करने पर भी इसी सावधानी को बरतने को कहा गया है।

वीरवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस गिरा, लेकिन यह सामान्य से अब भी 5.5 डिग्री अधिक है। सबसे अधिक तापमान हिसार में दर्ज किया गया, जो 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सोनीपत में तापमान में सबसे अधिक 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि रेवाड़ी में सर्वाधिक 2.1 डिग्री की गिरावट देखने को मिली।