● हरियाणा में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान बढ़ेगा
● 11 जिलों में गर्मी को लेकर यलो अलर्ट जारी
● 9 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव की संभावना
Haryana Weather हरियाणा में मौसम अब पूरी तरह साफ रहने की संभावना है, जिससे प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर और तेज हो सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में गर्मी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि इनमें से किसी भी जिले में रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक बना रहा।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने जानकारी दी कि 9 अप्रैल तक राज्य का मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा और उत्तर पश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे विशेष रूप से दिन के समय तापमान में इजाफा हो सकता है। हालांकि 9 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव संभव है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिलों में तापमान में अधिक बढ़ोतरी होगी और गर्मी तेज महसूस की जाएगी। बीते 24 घंटे की बात करें तो नारनौल में अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ यह 37.3 डिग्री पहुंच गया। वहीं सिरसा में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जहां तापमान 3.7 डिग्री गिरकर 33.8 डिग्री सेल्सियस रह गया।
प्रदेश में अब लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं से सावधान रहने की आवश्यकता है। कृषि कार्यों से जुड़े किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए सिंचाई और फसल सुरक्षा के उपाय करें।