876714 bikaner fier

Hisar : केमिकल फैक्टरी में लगी भयकंर आग, आधी रात को हुए ब्लास्ट से मचा हड़कंप, 5 गाड़ियों ने 8 घंटे में पाया काबू

हरियाणा हिसार

हिसार के गांव तलवंडी हाईवे पर स्थित पेंट बनाने वाली केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार रात 12 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। इसमें काम करने वाले कर्मचारियों ने भाग कर जान बचाई। इस घटना में लाखों रुपए का माल जलकर राख हो गया है। आग की सूचना पर पहले फायर ब्रिगेड़ की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन आग न बुझने पर 3 और गाड़ियां बुलानी पड़ी। शुक्रवार सुबह 8 बजे करीब आठ घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। फैक्ट्री में आग लगने कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

गांव तलवंडी हाईवे क्षेत्र में स्थित पेंट बनाने वाली केमिकल फैक्ट्री में रात 12 बजे आग लगी थी। फैक्ट्री में अचानक ब्लास्ट होने की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में केमिकल रखा होने के कारण आग तेजी से भड़क गई।

सुबह 4 बजे काबू पा लिया था, लेकिन दोबारा आग भड़क गई

Whatsapp Channel Join

अग्निशमन केंद्र की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। सुबह 4 बजे तक एक बार आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन उसके कुछ देर बाद आग फिर भड़क गई। बाद में फायर ब्रिगेड को फिर बुलाया गया। सुबह आठ बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।

केमिकल रखा होने पर हुआ ब्लास्ट

फैक्ट्री में केमिकल के डिब्बे रखे हुए थे। जिनमें आग के कारण ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट होने की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण भी फैक्ट्री की तरफ दौड़ पड़े। वहां देखा तो फैक्ट्री में आग धधक रही थी। रात का समय होने के कारण फैक्ट्री में पांच छह कर्मचारी ही थे। आग के कारण भारी नुकसान हुआ है। जिसका फैक्ट्री मालिक द्वारा आकलन किया जा रहा है। दमकल गाड़ी समय रहते नहीं पहुंचती तो आग ज्यादा फैल सकती थी। आग पर काबू पाए जाने के बाद आस-पास के लोगों ने राहत की सांस ली है।

रात को फैक्ट्री के आस-पास में बने पशु बाड़े करवाए खाली

फैक्ट्री के आस-पास में पशु बाड़े बने हुए हैं। इसके साथ ही वहां कई घर भी हैं। प्राथमिक तौर पर वहां बने पशु बाड़े खाली करवाए गए। आग इन पशु बाड़ों तक फैलने का खतरा बना हुआ था। केमिकल फैक्ट्री होने के कारण आग भीषण थी। जिससे ग्रामीण भी डर गए। फैक्ट्री के मालिक महावीर ने बताया कि आगजनी से उसे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। कच्चा व पक्का माल रखा हुआ था। सब माल जलकर नष्ट हो गया।

फैक्ट्री को लेकर भड़के ग्रामीण

तलवंडी राणा के ग्रामीणों ने कहा कि गांव में केमिकल फैक्ट्री लगा खतरे से खाली नहीं है। ऐसे में आग लगने पर फैक्ट्री के साथ-साथ गांव वालों को भी नुकसान हो सकता है। यह फैक्ट्री रिहायशी इलाके में है। जिस तरह ये यह घटना हुई भविष्य में इससे खतरा बन गया है। फैक्ट्री को दूर स्थापित किया जाना चाहिए।