हरियाणा के जिला हिसार के हांसी में उमरा रोड स्थित प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वर्गीय अमर सिंह धानक के निवास पर दिन-दहाड़े चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने रविवार दोपहर को घर में घुसकर नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ किया। वहीं चोरी की वारदात के दौरान पूर्व मंत्री का परिवार चंडीगढ़ में था। चोरी की घटना की जानकारी स्वर्गीय अमर सिंह धानक के छोटे भाई की पत्नी भादो देवी ने उनके पोते नमन को दी।
भादो देवी के अनुसार जैसे ही वह रविवार को दोपहर 3 बजे के करीब आवास के बाहर बन रही सड़क को देखने के लिए गई तो उन्होंने देखा कि दरवाजे का गेट टूटा हुआ था। अमर सिंह धानक के पोते कांग्रेस नेता नमन धानक ने बताया कि चोरों ने आवास के अंदर कमरों के ताले भी तोड़े हैं। उन्होंने बताया कि आवास के अंदर बनी अलमारी को भी पूरी तरह खंगाल कर सामान बिखेरा गया है।

उन्होंने बताया कि संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखी 30 हजार रुपये की नगदी, करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के आभूषण और चांदी के बर्तन को चोर लेकर फरार हो गए। बता दें कि चोरी की सूचना नमन ने पुलिस को दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरक्षण किया।

वहीं नमन धानक ने बताया कि अभी वह चंडीगढ़ में है। हांसी आकर सामान की जांच पड़ताल करेंगे, उसके ही पता चल पाएगा कि अन्य सामान चोरी हुआ है या नहीं। इस संबंध में सब इंस्पेक्टर खेताराम का कहना है कि पुलिस को चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मुआयने के लिए मौके पर पहुंची थी, लेकिन कांग्रेस नेता के परिवार के चंडीगढ़ से लौटने के बाद ही चोरी के सभी सामान का पता चल पाएगा।

