हरियाणा के हिसार मांगों को लेकर धरने पर बैठे किसानों ने आज लघु सचिवालय को घेरने का अल्टीमेटम दिया है। पुलिस ने किसानों के अल्टीमेटम के चलते शहर के आने वाले मुख्य मार्गों पर बेरीकेडस लगा दिए। किसानों ने आज घेराव को लेकर आसपास के जिलों के किसानों को भी संदेश भेजा है। रात को हुए हंगामे को लेकर पुलिस ने कुछ किसानों को हिरासत में लिया है। जिसके चलते शहर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।
रात को हुआ था धरने पर हंगामा
हरियाणा के हिसार जिले में लघु सचिवालय के गेट के बाहर किसानों का धरना प्रदर्शन चल रहा था। बीती रात किसानों के धरना स्थल पर किसानों और पुलिस के बीच गहमा गहमी हुई। हंगामे का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, वीडयो में पुलिस कर्मचारी किसानों पर रास्ता बंद करने का आरोप लगा रहे हैं।

इस दौरान पुलिस और किसानों में धक्का मुक्की भी हुई। किसानों ने आज मुआवजे की मांग को लेकर बड़े घेराव का अल्टीमेटम दिया हुआ है।
पुलिस वालों पर गालियां देने और शराब पीने के आरोप
वायरल वीडियो में किसानों ने सादी वर्दी में आए पुलिस कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि पुलिस कर्मचारी किसान प्रधान को गालियां दे रहा है। इस दौरान कई पुलिस कर्मचारियों ने बीच बचाव करते हुए किसानों को धरना जारी रखने के लिए कहा। किसानों ने पुलिस वालों पर शराब पीने के भी आरोप लगाए हैं।
किसान नेताओं को घरों में किया नजरबंद
रात में हुए हंगामे के बाद किसान नेता और जिला पार्षद प्रतिनिधि संदीप धीरणवास को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। किसान नेता रात को हंगामे के बाद धरने पर आ रहे थे। पुलिस ने किसान नेताओं को प्रदर्शन के चलते उन्हें हिरासत में ले लिया और घरों में ही नजरबंद कर दिया।
नंगथला गांव में किसान गोपाल को घर पर नजरबंद किया है। किसान गालियां देने वाले पुलिस कर्मचारी के खिलाफ एससी- एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की मांग पर अड़ गए है।
2022 की फसलों के मुआवजे की मांग कर रहे किसान
हिसार में किसान खरीफ 2022 के सीजन की फसल के मुआवजे की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि मुआजवा 700 करोड़ बनता है। दूसरी ओर प्रशासन का दावा है कि 29 करोड़ 9 लाख 43 हजार 325 रुपये की राशि का क्लेम की प्रक्रिया चल रही है।
प्रशासन का कहना है कि अभी तक कुल 333 करोड़ 93 लाख 40 हजार 398 रुपए किसानों के खातों में आ चुके हैं। इसमें 320 करोड़ 26 लाख 65 हजार 251 रुपए खरीफ-2022 तथा 13 करोड़ 66 लाख 75 हजार 147 रुपए रबी-2022 की खराब हुई फसलों के लिए है।