करनाल में चिड़ाव मोड पर गाड़ी और बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने बाप-बेटे पर हमला कर दिया। उन्होंने व्यक्ति के पेट में चाकू घोंप दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव करते हुए उसे बचाया। घायल हालत में उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
गांव पुंडरी निवासी पवन कुमार ने बताया है कि बीती 13 अगस्त को उसके बेटे प्रवीन का मर्डर हो गया था। जिसमें पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। इसी सिलसिले में वह आज करनाल में आईजी से मिलने के लिए गया हुआ था। जब वे करनाल से अपने घर के लिए वापस लौट रहे थे तो चिड़ाव मोड पर उसके सामने एक कार रुकी और बिना नंबर प्लेट की एक बाइक आई। दोनों वाहनों पर 9 लोग सवार थे। जिन्होंने उन्हें रास्ते में ही घेर लिया।
आसपास के लोगों ने किया बीच बचाव
पवन ने बताया है कि हमलावरों के पास चाकू था, जिन्होंने उसके पेट में चाकू मारा। जिससे वह घायल हो गया और वह बेसुध हो गया। उसके लड़के रोबिन को मौके पर ही पकड़ लिया था। हमलावरों में संजय, विनोद, प्रदीप, कुलवंत, अनिल, कृष्ण व अन्य शामिल थे। हमला होता देख आसपास के लोग मौके पर खड़े हो गए। जिन्होंने बीच बचाव किया और जान बचाई। हमलावर मौके पर ही जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। रोबिन व अन्य ने आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।
बेटी की मौत से रखे हुए है रंजिश
पवन ने बताया कि उसके बेटे का मर्डर हो गया था और इसी मामले में उनसे रंजिश रखी हुई है। वे एक गरीब परिवार से संबंध रखते है, लेकिन पुलिस की तरफ से भी अभी तक कोई गिरफ्तार नहीं किया गया। बार-बार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सदर थाना के जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि रोबिन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।