हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत में पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनी है और अब ट्रिपल इंजन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को 9 मार्च तक पूरी ताकत से जुट जाने और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा सरकार बनी है, अब निकाय चुनाव में भी भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलानी है।
पन्ना प्रमुखों को दिया चुनावी मंत्र, अधिकतम मतदान की अपील
सीएम नायब सैनी ने पन्ना प्रमुखों से कहा कि वे निकाय चुनाव में लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर भाजपा के लिए वोट मांगे और जनता को कमल के फूल के निशान पर बटन दबाने के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह से ठंडी पड़ चुकी है और उसके नेता भी शांत हैं, कांग्रेस इस चुनाव में शून्य पर आउट होने जा रही है।

निकाय चुनाव के लिए भाजपा के 21 संकल्प, गारंटी के साथ होंगे पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने 21 संकल्प लिए हैं और ये सभी संकल्प गारंटी के साथ पूरे किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने 240 वादे किए थे, जिनमें से 100 दिनों के भीतर 18 वादे पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 10 और वादे जल्द ही पूरे कर दिए जाएंगे।
भाजपा सरकार ने किए ऐतिहासिक फैसले, बिना पर्ची-खर्ची के मिल रही नौकरियां
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि पट्टेदार किसानों को मालिकाना हक देकर बड़ी राहत दी गई है। पंचायती जमीन पर बने मकानों के लिए भी राहत दी गई है। सरकार की अन्य उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम सैनी ने कहा कि किडनी डायलिसिस के मरीजों का पूरा खर्च अब हरियाणा सरकार उठा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में 25 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के ज्वाइनिंग लेटर दिए जा चुके हैं और अब नौकरियां बिना पर्ची और बिना खर्ची मिल रही हैं।
कांग्रेस पर बोला हमला, कहा— जनता ने भ्रष्टाचारियों को नकारा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के एक नेता ने 50 वोट के बदले नौकरी देने की बात कही थी, लेकिन जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता जानती है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली पार्टी है, इसलिए उन्होंने भाजपा पर विश्वास जताया।
भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन, कहा— ट्रिपल इंजन सरकार से होगा तीन गुना विकास
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत के चहुमुखी विकास के लिए भाजपा मेयर प्रत्याशी कोमल सैनी और वार्ड प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार बनने के बाद हरियाणा में विकास तीन गुना तेजी से होगा।
पन्ना प्रमुख सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने की और मंच संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने किया। इस दौरान पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज, पूर्व सांसद संजय भाटिया, जिला चुनाव प्रभारी डॉ. बनवारी लाल, जिला प्रभारी अशोक गुर्जर, मनमोहन भड़ाना, गजेंद्र सलूजा, राजेंद्र शर्मा हल्दाना, कृष्ण छोक्कर, रोशन लाल माहला, आरडी कल्याण, नवीन भाटिया, राहुल विज समेत भाजपा के पदाधिकारी, प्रत्याशी, बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रमुख और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।