dog bit an elderly woman at 19 places

Panipat में बुजुर्ग महिला को कुत्ते ने 19 जगह काटा, गंभीर हालत में महिला अस्पताल में भर्ती

पानीपत बड़ी ख़बर हरियाणा

हरियाणा के पानीपत शहर में एक बुजुर्ग महिला और उसके पड़ोसी को एक पालतू कुत्ते के काटने का मामला सामने आया है। जहां पर बुजुर्ग महिला अपने घर के सामने कुर्सी पर बैठी थी और कुत्ते ने अचानक से उसपर हमला कर दिया। महिला को बचाने आए पड़ोसी को भी कुत्ते ने शिकार बना लिया। कुत्ते के मालिक ने किसी तरह से बुजुर्ग महिला और व्यक्ति को छुड़वाया। कुत्ते के काटने से दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। खून से लथपथ हालत में दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दादी को करनाल के कल्पना चावला अस्पताल में रेफर कर दिया। जबकि, भानू सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्‌टी दे दी गई। सिविल अस्पताल में ही महिला को 19 जगह से काटे जाने का पता लगा।

dog bit an elderly woman at 19 places

घटना की जानकारी देते हुए अशोक कुमार ने बताया कि वह सिद्धार्थ नगर का रहने वाला है। सोमवार को दिन के समय रिश्ते में लगने वाली 70 साल की दादी रतनी देवी बाहर गली में कुर्सी पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान वहां पड़ोसियों का कुत्ता घर से निकल कर तेजी से दौड़ता हुआ दादी की ओर पहुंचा। वहां पहुंचते ही उसने दादी की गर्दन को अपने मुंह से पकड़ लिया। दादी अपने बचाव में छटपटाई, तो कुत्ते ने उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद दादी के अनेकों जगहों पर उसने काट लिया। जिससे गहरे घाव हो गए। अशोक ने बताया कि यह सब देख उसके पिता भानू सिंह दौड़ कर मौके पर पहुंचे। जिन्होंने कुत्ते से दादी को छुड़वाना चाहा। कुत्ते ने दादी को तो छोड़ दिया, लेकिन उसके पिता को पकड़ लिया। जिसने उसके हाथों पर अनेकों जगह काट लिया। शोर सुनकर मौके पर स्थानीय लोग व कुत्ते के मालिक भी पहुंच गए। जिन्होंने कुत्ते को काबू किया।