रोहतक के कबूलपुर गांव में मंगलवार को एक शख्स ने अपने 4 बच्चों को जहर दे दिया। जहर देने वाले शख्स का नाम सुनील है। उसकी 2 बेटियों की मौत हो गई जबकि एक बेटा और बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शख्स कर्ज की वजह से परेशान था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।
सुनील ने बच्चों को जहर उस समय दिया जब उसकी पत्नी काम पर गई हुई थी। घटना के बाद लौटी उसकी पत्नी ने पुलिस में शिकायत दे दी है। कबूलपुर गांव में रहने वाली सुमन ने बताया कि उसकी शादी 11-12 साल पहले सुनील से हुई थी। उनके चार बच्चे हैं जिनमें से 3 बेटियां और एक बेटा है। तीन बेटियों में लिसिका (10), हिना (8) व दीक्षा (7) है। बेटा देव 1 साल का है। मंगलवार सुबह वह रूटीन की तरह काम पर गई हुई थी। उसका पति सुनील चारों बच्चों के साथ घर पर ही था। उसके काम पर जाने के बाद सुनील ने चारों बच्चों को कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया।
उल्टियां होने पर चाचा ले गया अस्पताल
जब चारों भाई-बहन को उल्टियां होने लगी तो लिसिका बगल में ही रहने वाले अपने चाचा सुंदर के पास पहुंची। इसके बाद सुंदर आनन-फानन में चारों बच्चों को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां इमरजेंसी में डॉक्टरों ने प्राइमरी जांच के बाद लिसिका और दीक्षा को मृत घोषित कर दिया। 8 आठ की हिना और 1 साल के देव की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस पहुंची अस्पताल
अस्पताल में मौजूद सुंदर ने कहा- दोपहर में भतीजा लिसिका मेरे पास आई और बताया कि पापा ने हम चारों बहन-भाइयों को जहर खिला दिया है। इसके बाद मैं तुरंत चारों बच्चों को अस्पताल ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और बच्चों की मां सुमन के बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
अपनी मम्मी को भी दे चुका धमकियां
सुंदर ने बताया कि वह काम की वजह से गांव से बाहर रहता है। उसकी और सुनील की मम्मी गांव में ही रहती है। सुनील मम्मी को भी कई बार धमकी दे चुका है। सुंदर ने कहा कि उसका भाई कोई नशा वगैरह नहीं करता। पुलिस को उसे जल्द से जल्द पकड़ना चाहिए।
पत्नी बोली- सुबह 7 बजे ही चला गया था घर से
सुमन ने बताया कि उसका पति सुनील सुबह 7 बजे ही घर से कहीं चला गया था। साढ़े 7 बजे वह खुद भी काम पर चली गई। उसके बाद सुनील घर लौटा और बच्चों को पानी में घोलकर जहर खिला दिया। जब बच्चों ने पूछा तो उसने कहा कि इस दवा से दांत का दर्द खत्म हो जाएगा। बेटे देव के दांत भी जल्दी निकल आएंगे।
सुमन ने बताया कि पिता पर भरोसा करके बच्चों ने दवा खा ली जिससे उनकी हालत खराब हो गई। उसे इस घटना का पता दोपहर बाद चला तो वह सीधे अस्पताल पहुंची।
पैसे के लिए दबाव डाल रहे थे कुछ लोग
सुमन ने बताया कि घटना के बाद से सुनील गायब है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। उसने इस बात से भी इनकार किया कि उसका और सुनील का कोई झगड़ा वगैरह हुआ था। सुमन ने बताया कि उसके पति सुनील ने कुछ लोगों से रकम उधार ले रखी थी। सुनील हर महीने 3-3 हजार रुपए करके ये रकम लौटा रहा था लेकिन वो लोग हर महीने 5 हजार रुपए देने का दबाव डाल रहे थे। जब सुनील 5 हजार रुपए नहीं दे पाया तो वो लोग उनका जनरेटर, एलईडी, इन्वर्टर और दूसरा सामान भी उठाकर ले गए। बाद में वह इन्वर्टर वापस ले आए।