हरियाणा के फरीदाबाद में राष्ट्रीय ग्रामीण सेवक संघ के आह्वान पर ग्रामीण डाक सेवक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। बुधवार को भी डाक कर्मी सात सूत्रीय मांगों को लेकर डाकघर के सामने धरने पर बैठे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण सेवक के हरियाणा के प्रेसिडेंट एवं फरीदाबाद डिवीजन सेक्रेटरी सुरेश गौतम ने बताया कि जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है, तब तक उनकी हड़ताल इसी तरीके से जारी रहेगी। उनकी मांग है कि 8 घंटे काम, पेंशन , चिकित्सा सुविधा, ग्रेच्यूटी सहित स्थाईकरण एवं सभी लाभ देने और 12, 24 व 36 वर्ष तक सर्विस पूरी करने वाले कर्मचारियों को ग्रेच्यूटी लागू की जाए।
धरने में आज पलवल और फरीदाबाद से तमाम कर्मचारी फरीदाबाद पोस्ट ऑफिस पहुंचे। वहां पर उन्होंने धरना प्रदर्शन किया। वर्षा, मधु, विजेंद्र सिंह, चंदगी राम, रोहित, रामवीर, रविंद्र कमल सिंह सहित और भी अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मी नेताओं ने बताया कि इस हड़ताल का असर आने वाले दिनों में ग्रामीण डाक की पेंशन, सुकन्या योजना, आफर लेटर, पेन कार्ड, एटीएम कार्ड, चेक बुक, मनरेगा भुगतान समेत अन्य सरकारी कार्य में देखने को मिलेगा। इसके लिए पूरी तरह सरकार जिम्मेदार होगी।

