हरियाणा के जिला कैथल की अनाज मंडी में 25 सितंबर को होने वाली सम्मान दिवस रैली में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, फारूख अब्दुल्ला, ममता बनर्जी की पार्टी के राज्यसभा सांसद दीपक मिरेन, उद्धव ठाकरे, सीताराम येचूरी, जयंत चौधरी, सुखबीर बादल, पूर्व गर्वनर सत्यपाल मलिक, हनुमान बैनीवाल और केसी त्यागी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। जिसके लिए इन वरिष्ठ नेताओं की ओर से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
यह जानकारी इनेलो के प्रधान महासचिव और ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दी। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने केंद्र की भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ गठबंधन का जिम्मा बिहार के मुख्यमंत्री को सौंपा था। आज जो गठबंधन बना है, उसकी नींव रखी थी। अभय चौटाला ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जो विधानसभा में बेशर्मी से कहते हैं कि मंत्री को नहीं हटाएंगे, अबकी बार प्रदेश के लोग ही उनको हटा देंगे। उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर इस पूरे मामले की पुन: जांच करवाएंगे। संदीप सिंह के खिलाफ तो सख्त कार्रवाई करेंगे, साथ ही सरंक्षण देने वाले खट्टर को भी नहीं बख्शेंगे और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंगे।
बता दें कि इनेलो पार्टी हर साल 25 सितंबर को जननायक चौ. देवीलाल के जन्मदिन को सम्मान दिवस के रूप में मनाती है। जिसमें पूरे देश से अलग-अलग राजनीतिक दल के नेता शामिल होकर जननायक को श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। देवीलाल ने अपने शासनकाल में कई बड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए जैसे प्राकृतिक आपदा के कारण खराब हुई फसलों का मुआवजा देना, बुढ़ापा पेंशन शुरू करना, किसानों के कर्जे माफ करना, गरीब की बेटियों की शादी में 5100 रुपये कन्यादान योजना और सरकारी नौकरियों की भर्ती में पुलिस विभाग में 3 प्रतिशत स्पोर्टस कोटे जैसी योजनाओं की की शुरूआत की थी।
भूपेंद्र हुड्डा ने भाजपा के सामने हर बार किया सरेंडर
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कुछ लोग कांग्रेस को अपनी बपौती समझते हैं और कांग्रेस को अपनी जेब में रखना चाहते हैं, जहां विपक्ष की भूमिका की बात आती है तो चुपी साध लेते हैं। विधानसभा में हर बार भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के सामने सरेंडर किया है। उन्होंने कांग्रेस की गुटबाजी पर पूछे गए सवाल पर कहा कि कांग्रेस नेता जनता के लिए नहीं, बल्कि अपने स्वार्थ और निजी वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। अभय सिंह ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के दूसरे फेज में वह बचे हुए सभी गावों की रथ यात्रा करेंगे।
इनेलो सम्मान दिवस रैली में करेगी चुनावी वायदों की घोषणा
अभय सिंह ने कहा कि पिछले साल 25 सितंबर को सम्मान दिवस रैली में चौ. ओम प्रकाश चौटाला ने केंद्र की भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ गठबंधन का जिम्मा बिहार के मुख्यमंत्री को सौंपा था और आज जो गठबंधन बना है, उसकी नींव रखी थी। अबकी बार 25 सितंबर को सम्मान दिवस रैली में गठबंधन के अधिकतर नेता शामिल होंगे। जिन्होंने रैली में शामिल होने की स्वीकृति दे दी है। शरद पंवार को निमंत्रण भेज दिया है, लेकिन वह स्वयं भी मिलकर उन्हें आमंत्रित करेंगे। सम्मान दिवस रैली में चौ. ओम प्रकाश चौटाला इनेलो के सत्ता में आने पर किन वायदों को पूरा किया जाएगा, उनकी घोषणा भी करेंगे।
थोड़ी सी भी शर्म बची है तो इस्तीफा दें संदीप सिंह
भाजपा के मंत्री संदीप सिंह पर पूछे सवाल पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि महिला कोच ने जो भी आरोप लगाए, वो साबित हो गए हैं। अब संदीप सिंह में थोड़ी सी भी शर्म बची है तो उसे इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर मंत्री इस्तीफा नहीं देता तो मुख्यमंत्री को उसका इस्तीफा लेना चाहिए। जहां चंडीगढ़ पुलिस एक तरफ कोर्ट में चार्जशीट दायर कर मंत्री संदीप सिंह को दोषी ठहराती है, वहीं भाजपा सरकार ने मंत्री को खुली छूट दे रखी है। जिस कारण वो खुला घूम रहा है।
दोषी को संरक्षण देकर बचाने वाला भी होता है दोषी
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कानून में जिसने जुर्म किया है, वो दोषी होता है और साथ ही जो उस दोषी को संरक्षण देकर बचाता है वो भी उतना ही दोषी होता है। जितना दोषी मंत्री संदीप सिंह है, उतना ही दोषी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी है। इनेलो की सरकार बनने पर इस पूरे मामले की पुन: जांच करवाएंगे और संदीप सिंह के खिलाफ तो सख्त कार्रवाई करेंगे। साथ ही सरंक्षण देने वाले को भी नहीं बख्शेंगे और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंगे।
रथयात्रा के दौरान जनता को बताएंगे भाजपा की लूट के राज
अभय सिंह चौटाला ने बताया कि परिवर्तन यात्रा के दौरान वह करीब 2000 गांवों, सभी जिलों, सब डिविजन और कस्बों में जाकर आए हैं। इस दौरान उन्होंने देखा कि किसानों के सामने पानी की दिक्कत है, गांवों में पीने का पानी नहीं है। इनेलो की सरकार के दौरान बनाए गए स्कूलों और अस्पतालों में ताले लगे हैं, अध्यापकों और चिकित्सकों की कमी है। बच्चों के लिए खेल के मैदान नहीं है। राज्य हाईवे समेत सभी सडक़ें टूटी पड़ी हैं। इनेलो नेता ने कहा कि दोबारा रथयात्रा के दौरान भाजपा सरकार की ओर से 9 सालों में की लूट के राज जनता के सामने खोले जाएंगे। वहीं इनेलो की नीतियों को भी लोगों से साझा करेंगे।