इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की संसदीय कार्य समिति की बैठक में अहम निर्णय लिया गया, जिसमें चौधरी अभय सिंह चौटाला को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह फैसला सभी प्रदेश अध्यक्षों से चर्चा के बाद लिया गया।
अभय चौटाला के नेतृत्व में संगठन होगा मजबूत
नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेशाध्यक्षों ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, और वे चौधरी देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ाते हुए चौधरी ओम प्रकाश चौटाला के सपनों को पूरा करेंगे। संगठन विस्तार की जिम्मेदारी भी उन्हीं को दी गई है, और आने वाले समय में वह पदाधिकारियों का चयन करेंगे।
प्रदेशभर में जनसंपर्क यात्रा का ऐलान
प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को देखते हुए अभय चौटाला ने हरियाणा में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के हर गांव में जाएंगे और रोज़ 10-12 गांवों में जनता से सीधा संवाद करेंगे। उनका लक्ष्य प्रदेश में भाईचारा कायम करना और जनता के मुद्दों को समझकर उन्हें हल करने की दिशा में कदम उठाना है।