3d7df5e3 8a20 40cc a732 dfcff07b3113 1696656429516

किसान की पककर तैयार खड़ी फसल को किया नष्ट, राउंड अप कीटनाशक दवा का किया छिड़काव, 3 ग्रामीणों पर केस दर्ज

जींद हरियाणा

हरियाणा के जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के गांव दनौदा खुर्द में एक किसान की पक कर तैयार खड़ी धान और कपास की फसल में गांव के ही 3 लोगों ने उसमें राउंड-अप कीटनाशक दवा का स्प्रे कर दिया। इससे कपास की फसल नष्ट हो गई। आरोप है कि यह सब जानबूझकर रंजिशन किया गया है। साथ ही किसान को भी जान से मारने की धमकी दी गई। सदर थाना नरवाना पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव दनौदा खुर्द निवासी बलवान ने बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उसके करीब 12 कनाल जमीन खेत बिठमड़ा रोड की तरफ हैं। तो वहीं 10 कनाल के करीब जमीन कलौदा रोड की तरफ है। उसने बिठमड़ा रोड की तरफ वाले खेत में कपास की फसल लगाई हुई थी तो कलौदा की तरफ वाले खेत में धान की फसल लगाई थी। दोनों ही फसलें पक कर तैयार हो चुकी थी और जल्द ही कटाई का काम शुरू होना था।

फसल को बर्बाद कर जान से मारने की दी धमकी

Whatsapp Channel Join

किसान ने कहा कि इससे पहले ही गांव के ही कुलदीप, मनजीत और वीरेंद्र ने उसकी 4 कनाल धान और 12 कनाल कपास की फसल में राउंड-अप का स्प्रे कर के फसल को नष्ट कर दिया। इस दौरान वह खेत में नहीं था। जब उसे पता चला कि आरोपियों ने उसकी फसल को नष्ट कर दिया है तो वह खेत में पहुंचा। यहां आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि तेरी फसल को तो बर्बाद कर दिया, अब तुझे भी नहीं छोड़ेंगे। उस समय वह अपनी जान बचाने के लिए वहां से निकल गया। उसे अब जान का भी खतरा बना हुआ है। सदर थाना नरवाना पुलिस ने बलवान की शिकायत पर कुलदीप, मनजीत और वीरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।