Haryana News : हरियाणा के जिला जींद के कारागार में बंद महिला कैदी को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 2 अन्य कैदियों ने महिला कैदी को अपनी हवस का शिकार बनाया है। महिला कैदी से यह वारदात रोहतक पीजीआई में हुई है। जहां पुलिसकर्मी जेल के वाहन (प्रिजनर वैन) को खड़ा कर कागजात तैयार करा रहे थे। इसी दौरान 2 कैदियों ने उसके साथ यह वारदात की। इस संबंध में जींद थाना सिविल लाइन पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर रोहतक पुलिस को भेज दी है। वारदात रोहतक पीजीआई में हुई, इसलिए आगे की कार्रवाई भी वहीं की जाएगी। बता दें कि यह महिला कैदी जेल में आत्महत्या की कोशिश भी कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार जींद जेल में एक महिला नशीले पदार्थ की तस्करी के जुर्म में सजा काट रही है। महिला कैदी का रोहतक पीजीआई से इलाज चल रहा है। बीती 20 फरवरी को जेल के वाहन (प्रिजनर वैन) से उसे इलाज के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया था। वैन में उसके साथ कैदी मनीष व गांव धनौरी निवासी सतीश भी था। पीजीआई में वैन को खड़ा कर सुरक्षाकर्मी कागजात तैयार करवा रहे थे। महिला कैदी का आरोप है कि साथ गए दोनों कैदियों ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं आरोप लगाने वाली महिला कैदी पर भी तनाव के चलते जेल में जान देने की कोशिश करने का मामला दर्ज है। कैदी मनीष और सतीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस संबंध में जींद सिविल लाइन थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि महिला कैदी द्वारा दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। घटना रोहतक पीजीआई की बताई गई है, इसलिए जीरो एफआईआर रोहतक पुलिस को भेज दी गई है।