हरियाणा के जींद जिले के किनाना गांव में महिला दहेज प्रताड़ना का शिकार हो गई। गुरुवार रात को 33 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। महिला का शव ससुराल में पंखे से झूलता मिला। मृतक महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर गला घोंटकर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। सदर थाना पुलिस ने पति समेत 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पंचायतें होने के बाद भी करते रहे महिला को प्रताड़ित
मृतक महिला के पिता करनाल जिले के बाहरी गांव निवासी रामस्वरूप ने सदर थाना में ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उसकी बेटी कविता की शादी किनाना गांव निवासी कृष्ण के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही कृष्ण बेटी के साथ मारपीट करता था। कई बार पंचायतें भी हुई, लेकिन बेटी को प्रताड़ित किया जाता रहा।
दिन में पंचायत हुई थी रात को महिला को उतारा मौत के घाट
रामस्वरूप ने बताया कि गुरुवार रात को दामाद कृष्ण और उसके परिजनों ने गला घोंट कर उसकी बेटी की हत्या कर दी। गुरुवार को भी सीआरएसयू चौकी में पंचायत हुई थी। इस पंचायत में भी उसकी बेटी के ससुराल वालों ने उसको ठीक रखने का आश्वासन दिया और अपने साथ ले गए थे।
इसके बाद रात को ही उसकी बेटी की गला घोंट कर हत्या कर दी गई। सीआरएसयू चौकी इंचार्ज मोनिका ने बताया कि पुलिस ने मृतक महिला के पिता की शिकायत पर पति कृष्ण समेत 8 ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है