Kaithal के गांव कांगथली में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां 48 वर्षीय अशोक कुमार की कार की टक्कर से मौत हो गई। अशोक सब्जी लेकर अपने घर लौट रहा था और जैसे ही वह कांगथली में डेरा दिल्लूराम के पास पहुंचा, एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया और परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामा के बयान पर केस दर्ज
मृतक के मामा, रजवंत सिंह, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अशोक कुमार सब्जी बेचने का काम करता था और वीरवार सुबह कांगथली से लौटते वक्त यह हादसा हुआ। कार चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। रजवंत सिंह ने इसे कार चालक की लापरवाही बताया और कहा कि अशोक परिवार में अकेला कमाने वाला था, जिसके दो बच्चे हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति अब खराब हो जाएगी।
पुलिस ने किया केस दर्ज
सीवन थाना के जांच अधिकारी रजत कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।