kaithal-videsh bhejne ke naam per lakho ki thaggi canada bhejne ka diya jhansa

Kaithal : विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, कनाडा भेजने का दिया झांसा

कैथल

कैथल के जसवंती गांव में एक युवक को कनाडा भेजने के नाम आरोपियों ने लाखों रुपये हड़प लिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में जितेंद्र सिंह ने बताया कि वह विदेश जाने का इच्छुक था, उसकी दोस्ती हजवाना निवासी रामचंद्र से थी। रामचंद्र ने उसे पंथ नगर कैथल निवासी सूबे सिंह से 24 फरवरी 2022 को मिलवाया। वहां सूबे सिंह की पत्नी सरोज और माता बीरमती भी मिली। इन तीनों ने उसे कनाडा भेजने के लिए 16 लाख रुपये मांगे। साथ ही कहा कि अगर उसका काम नहीं हुआ तो वे उसके पैसे ब्याज सहित वापस दे देंगे।
कनाडा की जगह लगाया ऑस्ट्रेलिया का वीजा
जितेंद्र सिंह ने अलग-अलग समय में आरोपियों को 16 लाख रुपये और अपने दस्तावेज दे दिए। कुछ दिन बाद आरोपियों ने उसे दिल्ली से नेपाल भेज दिया। वहां पर उसको नेपाल में सुबे सिंह ने बंदी बना लिया और कहा कि उसका वीजा ऑस्ट्रेलिया का लगा है। कनाडा जाने के और पैसे लगेंगे। साथ ही कहा कि यदि पैसे नहीं दिए तो उसे जान से मार देंगे। वह बड़ी मुश्किल से वहां से बचाकर अपने घर पहुंचा। जब यहां आकर आरोपियों से पैसे मांगे तो उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पैसे वापिस मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
जब जितेंद्र ने वापिस आकर आरोपियों से पैसे मांगे तो आरोपी सरोज ने उसपर छेड़खानी करने का केस दर्ज करवाने और गैंगस्टरों से उसके परिवार को मरवा देने की धमकी दी। आरोपियों ने षडयंत्र करके धोखाधड़ी से उसके साथ 16 लाख रुपये की ठगी की है। जांच अधिकारी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।