देश में औसतन के हिसाब से हर एक घंटे में एक महिला दहेज संबंधी कारणों से मौत का शिकार होती है। पूरे भारत में दहेज के कारण एक दिन में 21 महिलाओं की मौत होती है। तीन साल में 25 हजार मौते दहेज के कारण हुई है। ऐसे ही दो मामले कैथल जिले से आए है जिसमें दहेज के कारण दो युवतियों को प्रताड़ित किया गया है। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कैथल में दहेज प्रताड़ना के दो मामलों में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सीवन के अंतर्गत एक गांव की बेटी के साथ दहेज के लिए मारपीट कर उसे प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने पीड़िता के पति पुलकित, ससुर और सास को गिरफ्तार कर लिया।
एक मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत के अनुसार उसकी शादी 24 जून 2019 को पुलकित के साथ हुई थी। पीड़िता ने कहा कि शादी में दिए दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। ज्यादा दहेज लाने की मांग करते हुए उसे शारीरिक और मानसिक रुप से प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने महिला के पति, ससुर और सास तीनों को गिरफ्तार किया है।
दूसरे मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दूसरे मामले में कैथल की एक कॉलोनी निवासी बेटी के साथ दहेज के लिए मारपीट कर उसे प्रताड़ित करने के आरोप में पीड़िता के पति मोनू और सास को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शादी 24 मार्च 2022 को मोनू के साथ हुई थी। शादी के बाद उसको दहेज की मांग करते हुए प्रताड़ित किया जाने लगा।

