Karnal हरियाणा के करनाल के कुंजपुरा स्थित खाद्य आपूर्ति अधिकारी कार्यालय में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी डिपो होल्डर्स से रिश्वत वसूल रहा था।
डिपो होल्डर्स लंबे समय से इस भ्रष्टाचार से परेशान थे और उन्होंने ACB को शिकायत दी। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए ACB ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता पाउडर लगे नोट लेकर कार्यालय पहुंचा, जहां उसने आरोपी कर्मचारी को रिश्वत की राशि दी। जैसे ही कर्मचारी ने पैसे स्वीकार किए, ACB की टीम ने मौके पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी ने 10 से 12 डिपो होल्डर्स से अलग-अलग राशि की मांग की थी। इस प्रक्रिया में हर डिपो होल्डर से रिश्वत की तय राशि वसूली जा रही थी। ACB ने छापेमारी के दौरान एक प्रिंटर भी बरामद किया, जो इस भ्रष्टाचार में इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है। आरोपी से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इस भ्रष्टाचार में और कौन-कौन शामिल हैं।
ACB की इस कार्रवाई से खाद्य आपूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भय का माहौल है। अब ACB यह जांच कर रही है कि इस मामले में विभाग के अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी संलिप्त हैं या नहीं।