हरियाणा के Karnal में क्राइम ब्रांच के ASI संजीव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस वारदात का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मंगलवार रातभर पुलिस ने आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार, हमलावर पल्सर बाइक पर सवार होकर आए थे और ASI को गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस ने शव को उसी रात करनाल के मॉर्च्युरी हाउस में रखवा दिया था। आज मृतक का पोस्टमॉर्टम होगा और सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पारिवारिक त्रासदी: भाई की दुर्घटना में मौत, पिता का सदमे में निधन
मृतक संजीव सिंह के पिता प्रेम सिंह के दो बेटे थे: 42 वर्षीय संजीव और 38 वर्षीय लाभ सिंह। संजीव पुलिस विभाग में सेवारत थे, जबकि लाभ सिंह नगर पालिका घरौंडा में सफाई ठेकेदार थे। 3 साल पहले लाभ सिंह की घरौंडा लिबर्टी के सामने सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस सदमे में 15 दिन बाद पिता प्रेम सिंह का भी निधन हो गया। अब मंगलवार रात को संजीव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

2002 में हुए थे भर्ती, 2 बच्चों के पिता
संजीव का एक बेटा कनाडा में पढ़ रहा है और एक 16 वर्षीय बेटी है जो 11वीं कक्षा में पढ़ रही है। संजीव 2002 में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वह कुरुक्षेत्र में तैनात थे और एनएच-1 और एनएच-4 PCR पर भी तैनात रह चुके थे। वर्तमान में संजीव क्राइम ब्रांच यमुनानगर में तैनात थे।
घटना का विवरण
कुटेल-ऊंचा समाना रोड पर मंगलवार रात करीब साढ़े 8 बजे सैर पर निकले ASI संजीव सिंह को बाइक सवार 2 बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। संजीव का डेरा इसी रोड पर था और वे वहीं टहल रहे थे। बदमाशों ने उन्हें गोली मारी, जिसमें एक गोली सिर में और दूसरी कमर में लगी। गंभीर रूप से घायल ASI को करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद घरौंडा DSP मनोज कुमार और DSP सोनू नरवाल मौके पर पहुंचे। FSL टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके पर 2 कारतूस और एक खोल बरामद हुआ है। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।