हरियाणा के Karnal में नमस्ते चौक पर बने एक होटल में एक प्रेमी जोड़े ने संदिग्ध हालत में जहर खा लिया। जहर खाने से दोनों की हालत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां पर युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया जबकि लड़के का उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सोंप दिया। मृतक युवती के घरवालों ने लड़के के खिलाफ हत्या के आरोप लगाए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
होटल में लिया कमरा
बताया गया है कि शहर की दर्गा कॉलोनी निवासी तनीशा और हांसी चौकी निवासी युवक सागर लंबे समय से रिलेशन में थे। इन दोनों ने 30 अप्रैल को नमस्ते चौक पर स्थित होटल में कमरा लिया था। वहां इन दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ होगा जिसके बाद दोनों ने जहर निगल लिया। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने युवती को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया लेकिन उसकी हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे 1 मई को चंडीगढ़ PGI भेज दिया। रास्ते में ही लड़की की तबीयत ज्यादा खराब हुई तो उसे आदेश अस्पताल शाहबाद ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता ने लगााया आरोप
मृतका के पिता राजेंद्र चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनकी बेटी तनीशा (21) आदित्य बिड़ला हेल्थ इंश्योरेंस सेक्टर-12 करनाल में जॉब करती थी। 30 अप्रैल की सुबह 9 बजे वह ड्यूटी पर गई। शाम करीब साढ़े 3 बजे पता चला कि उसने जहर निगल लिया है।
पिता ने बताया, ‘मैं करनाल सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां मेरी लड़की और हांसी रोड निवासी सागर दोनों ही एडमिट थे।’ राजेंद्र का आरोप है कि तनीशा को सागर ने जान से मारने की नीयत से जबरदस्ती जहर दे दिया। इसे आपसी सहमति से आत्महत्या की कोशिश दिखाने के लिए उसने खुद थोड़ा सा जहर निगला, जिससे उसकी जान न जाए। वह ड्रामा कर रहा है।
शिकायतकर्ता ने बताया है कि आरोपी सागर ने तनीशा को अपने प्यार के जाल में फंसाया और ब्लैकमेल कर उसे जहर खिला दिया। सागर पहले से ही शादीशुदा है और 2 बच्चों का बाप है। मौत की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कल्पना चावला मेडिकल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।







