Haryana के करनाल में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए हेलिकॉप्टर टिकट बुक करने के नाम पर महिला से 9350 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट जैसी फर्जी वेबसाइट बनाकर महिला को ठगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करनाल निवासी गीतु ने अपने बुजुर्ग माता-पिता के लिए हेलिकॉप्टर टिकट बुक कराने का प्रयास किया था। माता वैष्णो देवी की चढ़ाई 14 किलोमीटर लंबी है, जिसे उनके माता-पिता पूरा करने में असमर्थ थे। इस वजह से महिला ने गूगल पर हेलिकॉप्टर टिकट के लिए सर्च किया।
सर्च में उन्हें एक वेबसाइट मिली, जो श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट जैसी लग रही थी। महिला ने टिकट बुक करने के बाद बताए गए बैंक खाते में 9350 रुपए जमा कराए,बाद में पता चला कि टिकट फर्जी थे।
फर्जी वेबसाइट में केवल एक डॉट का फर्क था, जिससे महिला इसे असली समझ बैठी। भुगतान के लिए महिला को माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड नाम से बनाए गए एक फर्जी खाते में पैसे भेजने को कहा गया। पीड़िता गीतु ने बताया कि यह घटना उनके लिए केवल आर्थिक नुकसान नहीं है, बल्कि उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली भी है। पुलिस ने महिला के ब्यान पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।







