Haryana Weather : हरियाणा के 42 शहरों में मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि प्रदेश के कई शहरों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। साथ ही तेज गति से हवाएं चल सकती हैं। बता दें कि बदले मौसम की वजह से राज्य के अधिकतम तापमान में सात डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। कई जिलों में बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश दर्ज की गई।
बता दें कि रविवार को कई जिलों में बारिश के आसार हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर 40-50 किलोमीटर की गति से हवाएं चल सकती हैं। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान मेवात का 38.8 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं शनिवार को बदले मौसम से दिन के पारे में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 11 जिलों में तेज आंधी चली। रोहतक, झज्जर, सिरसा, नारनौल और फरीदाबाद में बारिश भी हुई। ऐसे में लोगों के साथ किसानों की मुश्किलें भी बढ़ सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हाल में खेतों में गेहूं की फसल सूख चुकी है। कुछ जिलों की मंडियों में गेहूं और सरसों की सूखी फसल पहुंच चुकी है। बारिश और ओलावृष्टि से फसल भीगने और खराब होने का खतरा हो सकता है। संभावना है कि हरियाणा में 20 अप्रैल के बाद गेहूं की कटाई में और तेजी आएगी। इसको देखते हुए मौसम विभाग की ओर से किसानों के लिए पहले ही अलर्ट जारी किया गया है। 16 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। ऐसे में किसानों को भी अलर्ट मोड़ पर रहने के संकेत दिए गए हैं।

मौसम विभाग की मानें तो पलवल, तावडू, बल्लभगढ़, सोहना, गुरुग्राम, रेवाड़ी, हांसी, हिसार, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, होडल, हथीन, नूंह, नारनौंद, फतेहाबाद, फरीदाबाद, पानीपत, असंध, कैथल, नीलोखड़ी, घरौंडा, करनाल, इंद्री, रादौर, जुलाना, सफीदों, जींद, नरवाना, नसरसा, कालका, बराडा, जगाधरी, नारायणगढ़, पंचकूला, टोहाना, कलायत, रतिया, थानेसर, गुहला, पेहोवा, शाहाबाद और अंबाला में बादल छाए रहने के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी है। इनमें से 22 शहर ऐसे भी हैं, जहां हल्की से मध्यम बारिश भी होगी।
