हरियाणा के जिला रोहतक में रविवार को आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी के 11 हजार वार्ड अध्यक्षों व ग्राम सचिव को शपथ दिलाएंगे। पार्टी इनके जरिए वर्ष 2024 चुनाव की राह को सुगम बनाने का प्रयास कर रही है। कार्यक्रम को लेकर आप कार्यकर्ता व पदाधिकारी कई दिनों से तैयारी में लगे हुए थे। सभी को 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने की रणनीति के तहत यह संगठनात्मक शपथ दिलाई जाएगी।
आम आदमी पार्टी की तरफ से रविवार को पुराने आईटीआई मैदान में कार्यकर्ता शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। हरियाणा की राजनीतिक राजधानी माने जाने वाले रोहतक में रविवार को मंच के माध्यम से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान हुंकार भरेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सियासी संदेश देकर जोश का संचार किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में वार्ड अध्यक्ष बनाए गए 11 हजार नए पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।

आम आदमी पार्टी रोहतक लोकसभा सीट से वर्ष 2014 में 46 हजार 759 वोट हासिल कर चुकी है, जबकि जजपा से गठबंधन के चलते 2019 में रोहतक से चुनाव नहीं लड़ा था। अब पार्टी 2024 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है।
दिल्ली और पंजाब में सरकार बना चुकी आप का अब हरियाणा पर फोकस
दिल्ली और पंजाब में अपनी सरकार बना चुकी आम आदमी पार्टी का अब पूरा फोकस हरियाणा पर है। इसके लिए पार्टी ने सियासी गतिविधियों का केंद्र रोहतक को बनाया है। राजनीति गलियारों में कहा जाता है कि रोहतक से दिया जाने वाला संदेश पूरे प्रदेश की राजनीति को प्रभावित करता है।

यहीं कारण है कि आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं दिल्ली से सांसद डॉ. सुशील गुप्ता से लेकर पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा लगातार रोहतक में सक्रिय रहते हैं। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान यहां चुनावी दंगल का आगाज करने पहुंचेंगे। पार्टी का दावा है कि हरियाणा में आप की अब तक की सबसे बड़ी संगठनात्मक गतिविधि होने जा रही हैं। प्रदेश भर के लोगों की नजरें भी इस पर हैं।

रोहतक के जरिए हरियाणा में पैठ जमाने का प्रयास
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ कहे जाने वाले जिला रोहतक में आम आदमी पार्टी शपथ ग्रहण समारोह के जरिए अपनी पैठ हरियाणा में जमाने का प्रयास कर रही है। इससे पहले भाजपा भी अपने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी का पद ग्रहण समारोह के जरिए शक्ति प्रदर्शन कर चुकी है। धीरे-धीरे सभी पार्टियां रोहतक में अपनी राजनीतिक पकड़ बनाने का प्रयास कर रही हैं। हालांकि आप पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले रोहतक में जगह-जगह एसवाईएल के मुद्दे को लेकर केजरीवाल के खिलाफ पोस्टर लगे मिले थे। इससे खुफिया विभाग तक सक्रिय हो गया, लेकिन यह पता नहीं लग सका कि पोस्टर किसने लगाए हैं।

हरियाणा के दिग्गजों का गढ़ है रोहतक, सभी पार्टियां रहती हैं सक्रिय
हरियाणा के सभी राजनीति दलों के लिए रोहतक हमेशा से राजनीतिक तौर पर केंद्र बिंदु रहा है। सर छोटूराम से लेकर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित भगवत दयाल शर्मा रोहतक से ही रहे। ताऊ देवीलाल ने तीन बार रोहतक से लोकसभा चुनाव लड़ा, जबकि पंडित नेकीराम शर्मा, पंडित श्रीराम शर्मा भी यहीं से रहे। 10 साल मुख्यमंत्री रहे भूपेंद्र सिंह हुड्डा और 2014 से अब तक के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का भी जन्म रोहतक जिले में ही हुआ है।