हरियाणा के जिला कुरुक्षेत्र स्थित एनआईटी में हॉस्टल की 5वीं मंजिल से एक छात्रा के गिरने का मामला सामने आया है। घटना सुबह करीब पौने 6 बजे की है। आशंका जताई जा रही है कि छात्रा ने छलांग लगाकर आत्महत्या की है। मृतक छात्रा की पहचान फिरोजाबाद निवासी 22 वर्षीय श्रेया के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना बारे छात्रा के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि कुरुक्षेत्र के एनआईटी परिसर स्थित कल्पना चावला हॉस्टल से सुबह अचानक तेज आवाज आई। जब संस्थान का सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचा तो एक छात्रा नीचे गिरी मिली। सुरक्षाकर्मी ने तुरंत इसकी सूचना संस्थान के अधिकारियों को दी। इसके बाद छात्रा को आनन-फानन में इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पा रहा है। प्राथमिक तौर पर बताया जा रहा है कि छात्रा बीटेक मैकेनिकल द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रही थी। परीक्षा में री-अपीयर आने से परेशान थी। वहीं इस घटना से संस्थान के प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
इस संबंध में कुरुक्षेत्र थाना प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। छात्रा के परिजनों को सूचित कर दिया है। हॉस्टल की छत से नीचे गिरने से छात्रा की मौत हुई या उसने आत्महत्या की, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

