Haryana News : हरियाणा के जिला कुरुक्षेत्र में शनिवार देर रात रुपयों के लेनदेन को लेकर 2 गुटों में आपस में झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट और पत्थर बरसाए गए। इस दौरान घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हंगामे की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तो लोगों ने उन पर भी पत्थर बरसा दिए। इस दौरान एक पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। रविवार सुबह गुस्साए मृतक के परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों की मांग है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात 2 गुटों में आपस में झगड़ा हो गया। मामला लेनदेन से जुड़ा हुआ है। कीर्ति नगर निवासी 40 वर्षीय सोमनाथ का दूसरी कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के साथ पैसों का लेनदेन था। शनिवार दोपहर को उक्त व्यक्ति और सोमनाथ में पैसों को लेकर बहस हो गई। रात करीब 11 बजे व्यक्ति ने अपने 20-25 साथियों के साथ सोमनाथ पर हमला कर दिया। घटना में सोमनाथ की मौत हो गई, जबकि उसके 4-5 साथी घायल हो गए। इसके बाद झगड़े की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान जब पुलिस ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उन भी हमला कर दिया। जिससे डायल 112 की गाड़ी का अगला शीशा टूट गया।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान पुलिसकर्मी ऋषिपाल घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने पुलिस कर्मी ऋषिपाल की हालत को गंभीर देखते हुए उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हैं। वहीं पुलिस ने सोमनाथ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर पुलिस जाम लगा रहे परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन प्रदर्शन कर रहे परिजन आरोपियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

