हरियाणा के पानीपत में एक सिरफिरे आशिक के द्वारा नाबालिग लड़की को भगा ले जाने का मामला सामने आया है। करनाल के इस आशिक ने अलसुबह पानीपत पहुंचकर घटना को अंजाम दिया। जिसमें उसके कुछ साथियों पर भी साथ देने का आरोप है। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना पानीपत के पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र की है। आरोप है कि सिरफिरा आशिक करनाल से पानीपत लड़की के घर तड़के-तड़के पहुंच गया। जब वह सो रही लड़की को जगाने लगा तो उसके दादा की नींद खुल गया। इसके बाद युवक ने लड़की के दादा को नशीला पदार्थ सुंघा कर उन्हें बेहोश कर दिया। इसके बाद लड़की को बहला फुसलाकर ले गया। वहीं लड़की के अंकल ने पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भाई औद्योगिक थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहता है। भाई के चार बच्चे और पत्नी मुकबधिर है और बड़ी बेटी 15 वर्ष की है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रोजाना की तरह परिवार के सभी सदस्य रात को खाना खाकर सो गए थे। आरोप है कि करनाल तहसील असंध के गांव अरडाना निवासी लीलू उर्फ मोंटी अलसुबह करीब 4 बजे अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। उन्होंने बड़ी बेटी को उठाया तो इस दौरान बेटी के दादा की आंख खुल गई। उनके उठते ही आरोपियों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया और सिर में चोट मारी। इसके बाद वह बड़ी बेटी को गलत काम करने की नीयत से बहला-फुसला कर फरार हो गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने उनकी बेटी के साथ गलत संबंध बनाए और घर से भगा ले गया।