हरियाणा के महेंद्नगढ़ के नारनौल में कुलताजपुर रोड पर नहर के नजदीक पेड़ पर एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने सुसाइड किया है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान सुमन कुमार के रुप में हुई है जो सोने के आभूषण बनाने का काम करता था। मृतक पश्चिम बंगाल का रहने वाला था।
जानकारी अनुसार पश्चिमी बंगाल के मदिनापुर निवासी करीब 24 वर्षीय सुमन कुमार यहां पर मनिहारान गली में पश्चिमी बंगाल के ही अभिजित के पास सोने चांदी के आभूषणों का कारीगर था। वह कई साल से नारनौल ही रह रहा था। उसका परिवार गांव में ही रहता है। आज सुबह उसका शव कुलताजपुर रोड पर जा रही नहर के साथ लगते खेत में एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी आसपास के खेत वालों को लगी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारा। जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।