हरियाणा के Mahendergarh जिले के खेड़ी गांव निवासी रिटायर्ड फौजी राजेश, उनकी पत्नी कोमल और बेटी कविता की दिल्ली के देवली गांव स्थित उनके घर में निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के समय राजेश का बेटा मॉर्निंग वॉक पर गया हुआ था। लौटने पर उसने अपने माता-पिता और बहन को मृत अवस्था में पाया। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के देवली गांव में रहता था परिवार
राजेश भारतीय सेना से 2005 में रिटायर हुए थे। वे दक्षिण दिल्ली के नेब सराय के देवली गांव में अपने परिवार के साथ रहते थे। घटना बुधवार सुबह हुई। सरपंच पंकज ने बताया कि राजेश 19 नवंबर को खेड़ी गांव आए थे और 23 नवंबर को एक शादी में शामिल हुए थे। उनके पिता का निधन पहले ही हो चुका है और उनकी मां आजाद देवी गांव में रहती हैं। राजेश और उनके भाई राकेश अपनी मां से मिलने आते-जाते रहते थे।
पुलिस ने दी जानकारी
साउथ दिल्ली के डीसीपी अंकित चौहान ने जानकारी दी कि आज सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नेब सराय के देवली गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई है। यह सूचना मृतक के बेटे ने पुलिस को दी थी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के बेटे ने बताया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए गया था। करीब सवा घंटे बाद जब वह घर लौटा, तो उसने अपने पिता राजेश कुमार (51), मां कोमल (46), और बहन कविता (23) को खून से लथपथ हालत में देखा। सभी को चाकू से वार किया गया था।
सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीसीपी ने बताया कि क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को जांच के लिए बुलाया गया है। शुरुआती जांच में यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। हत्याकांड के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
शादी की सालगिरह के दिन हुई घटना
घटना जिस दिन हुई, उसी दिन राजेश और कोमल की शादी की सालगिरह थी। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। बेटे के मुताबिक, घर लौटने पर उसने अपने माता-पिता और बहन को मृत अवस्था में पाया।
कोई तोड़फोड़ नहीं, लूटपाट से इनकार
राजेश, जो रिटायरमेंट के बाद एक प्राइवेट सिक्योरिटी ऑफिसर के रूप में काम कर रहे थे, के घर में किसी प्रकार की तोड़फोड़ या सामान की चोरी के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह मामला लूटपाट का नहीं लग रहा है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।