हरियाणा में जननायक जनता पार्टी से गठबंधन तोड़ने का भारतीय जनता पार्टी ने मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। ऐसे में भाजपा प्रदेश में जजपा को बीच मझधार में छोड़ने का मन बना चुकी है। बता दें कि भाजपा हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर चुकी है। इसमें अधिकतर सीट ऐसी हैं, जिनमें 3 से 4 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं। इसको लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक फीडबैक पहुंच चुका है। कोर कमेटी के इस फैसले पर केंद्रीय नेतृत्व जल्द मुहर लगा सकता है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हाल ही में भाजपा ने 195 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया है, जबकि कई राज्यों में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर जारी है। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ सकती है। जिसके लिए भाजपा ने उम्मीदवारों का पैनल भी तैयार कर लिया है। इस बात की पुष्टि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सहित कई नेता अपने भाषण में कर चुके हैं।
दावा है कि हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवारों को ही उतारने का मन बना चुकी है। जिसको लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक फीडबैक भिजवा दिया गया है। जिस पर सिर्फ केंद्रीय नेतृत्व की मुहर लगना बाकी है। ऐसे में जजपा से गठबंधन टूटता साफ दिखाई दे रहा है। इसके बाद गठबंधन को लेकर जजपा को ही फैसला करना होगा कि उसे सरकार में बने रहना है या नहीं।

8 मार्च के बाद कभी भी हो सकती है भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा
माना जा रहा है कि भाजपा हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारकर अकेले चुनाव लड़ेगी। ऐसे में भाजपा का जजपा के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। सूत्रों का दावा है कि हरियाणा कोर कमेटी की आलाकमान के साथ हुई बैठक में यह तय कर लिया गया है। पार्टी का मानना है कि वह सभी 10 सीटों पर मजबूत स्थिति में है। भाजपा हरियाणा की लोकसभा सीटों पर 8 मार्च के बाद किसी भी समय अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। बता दें कि 8 मार्च को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने जा रही है। जिसमें हरियाणा प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई जा सकती है।

कल भाजपा के 150 सीटों के उम्मीदवारों पर होगी चर्चा, हरियाणा भी शामिल
गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा प्रदेश शीर्ष मंडल दिल्ली में बैठक कर उम्मीदवारों का चयन कर चुका है। इस बैठक में केंद्रीय नेता और हरियाणा भाजपा के कोर कमेटी के नेता शामिल रहे। इनमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
माना जा रहा है कि इस सूची पर 8 मार्च को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाजपा शीर्ष मंडल अंतिम मुहर लगा सकता है। इस बैठक में भाजपा की 150 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की चर्चा होगी। जिसमें हरियाणा की 10 सीटें भी शामिल हैं। इसके बाद कभी भी उम्मीदवारों के नाम का खुलासा हो सकता है। उधर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का दावा है कि आचार संहिता लागू होने से पहले भाजपा अपने सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी।
भाजपा वर्ष 2019 की तरह फिर कमल खिलाने को बेताब
भाजपा हरियाणा में वर्ष 2019 की तरह फिर से सभी 10 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाने को बेताब है। पार्टी को विश्वास है कि वर्ष 2019 के आम चुनाव का प्रदर्शन फिर से दोहराया जाएगा और राज्य की सभी 10 सीटों पर कमल खिलेगा। सूत्रों की मानें तो मौजूदा सांसदों के अलावा पार्टी नेता ओमप्रकाश धनखड़, कुलदीप बिश्नोई, कैप्टन अभिमन्यु, योगेश्वर दत्त, अशोक तंवर, दिवंगत रतन लाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया और विपुल गोयल हरियाणा की लोकसभा सीटों के दावेदार माने जा रहे हैं।
रोहतक से डॉ. शर्मा के साथ योगेश्वर दत्त
रोहतक लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के अलावा पहलवान योगेश्वर दत्त और बीएसपी एवं भाजपा से पूर्व में चुनाव लड़ चुके राज शर्मा का नाम सामने आ रहा है।
सिरसा से डॉ. अशोक तंवर भी आगे
सिरसा लोकसभा सीट के लिए मौजूदा सांसद सुनीता दुग्गल के साथ पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर, पूर्व एडीजीपी वी कामराजा, पूर्व विधायक बलकौर सिंह और अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन रविंद्र बलियाला के नाम की दावेदारी जताई जा रही है।
हिसार में कैप्टन और कुलदीप बिश्नोई भी
हिसार लोकसभा सीट के लिए मौजूदा सांसद बृजेंद्र सिंह का नाम चुनाव लड़ने वाले दावेदारों में सबसे ऊपर है। उनके अलावा पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई और मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी कैप्टन भूपेंद्र के नाम भी इस सीट से चुनाव लड़ने वाले दावेदारों की सूची में बताया जा रहा है।
सोनीपत में नॉन जाट पर खेला जा सकता है कार्ड
सोनीपत लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद रमेश कौशिक के अलावा प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ौली, मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, पहलवान योगेश्वर दत्त और जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा के नाम में से किसी एक पर मोहर लग गई है। बता दें कि भाजपा इस हॉट सीट पर नॉन जाट पर कार्ड खेलना चाहती है।
कुरुक्षेत्र में पूर्व विधायक भी आजमा सकते हैं किस्मत
कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं मौजूदा सांसद नायब सिंह सैनी का नाम संभावित दावेदारों में सबसे ऊपर है। इनके अलावा लाडवा के पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी और पूर्व सांसद कैलाशो सैनी के नाम भी यहां दावेदारों की सूची में शामिल किए गए हैं। अब फैसला केंद्रीय चुनाव समिति के हाथ में है।
गुरुग्राम में मंत्री-पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद सूची में शामिल
गुरुग्राम लोकसभा सीट के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत का नाम सबसे ऊपर है। राव इंद्रजीत के अलावा यहां केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र य़ादव, पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव और पूर्व मंत्री राव नरबीर के नाम सूची में शामिल बताए जा रहे हैं। मौके पर टिकट किस नेता को मिलता है, यह अभी भविष्य के गर्भ में है।
फरीदाबाद में गुर्जर और गोयल सबसे मजबूत
फरीदाबाद लोकसभा सीट पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के अलावा पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल का नाम सबसे मजबूत स्थिति में है। विपुल गोयल हरियाणा भाजपा के उपाध्यक्ष भी हैं। वहीं तिगांव के विधायक राजेश नागर ने भी फरीदाबाद से चुनाव लड़ने की दावेदारी जताई है।
अंबाला में बंतो की दावेदारी सबसे ऊपर
अंबाला लोकसभा सीट पर दिवंगत सांसद रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी बंतो कटारिया का नाम दावेदारों में सबसे ऊपर है। इनके अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निवर्तमान राजनीतिक सचिव कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व राज्यपाल सूरजभान के बेटे अरुण भान, पूर्व डीजीपी बीएस संधू और भाजपा नेता अमर सिंह अंबाला से चुनाव लड़ने के दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं।
भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट पर कई नामों पर संशय
पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के अनुसार भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के दावेदारों में मौजूदा सांसद धर्मबीर सिंह, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव, पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव और नांगल चौधरी के विधायक डॉ. अभय यादव के नाम शामिल हैं।
करनाल सीट पर भाटिया, हरविंद्र, डॉ. गुप्ता के साथ कश्यप, राणा की दावेदारी
करनाल लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद संजय भाटिया के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष अधिवक्ता वेदपाल, विधायक हरविंद्र कल्याण, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्जुना गुप्ता, पूर्व विधायक रमेश कश्यप और भाजपा नेता जोगेंद्र राणा की दावेदारी जताई जा रही है। अब देखना यह होगा कि केंद्रीय नेतृत्व इस सीट पर किसको मौका देता है।