हरियाणा के जिला यमुनानगर के रादौर से कांग्रेस विधायक डॉ. बिशनलाल सैनी ने हिमाचल में हुए राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। विधायक डॉ. बिशनलाल सैनी ने कहा कि हिमाचल में भाजपा ने सरकार गिराने का पूरा प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने किसी तरह अपनी सरकार को बचा लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में विधायकों को बोलने का समय मिलना चाहिए, ताकि वह अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठा सकें।
रादौर से कांग्रेस विधायक डॉ. बिशनलाल सैनी ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और जल्द उनका समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक ने पत्रकारों से बातचीत में जहां हिमाचल में हुए राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर कटाक्ष किया, वहीं अन्य कई मुद्दों पर भी बेबाकी से जवाब दिए। डॉ. सैनी ने कहा कि विधानसभा विधायकों के पास अच्छा विकल्प है, लेकिन इस बार पक्ष के भी कई विधायकों को बोकलने का पूरा समय नहीं मिला।

उन्होंने मांग की है कि विधानसभा के सेशन बढ़ना चाहिए, ताकि सभी को अपनी बात कहने का पूरा समय मिल सके। विधायक डॉ. बिशनलाल ने कहा कि कुरुक्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को जिताने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता तन, मन, धन से पूरा सहयोग करेंगे। साथ ही उन्होंने रादौर में पूर्व मंत्री के एक्टिव होने पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है। विधायक डॉ. सैनी ने रादौर में पूर्व मंत्री कर्णदेव काम्बोज द्वारा विकास कार्यों को लेकर एक्टिव नजर आने पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि क्या इनका 4 वर्ष से इन विकास कार्यों की तरफ ध्यान नहीं था, जबकि वह जनता के बीच में ही रहे हैं।

भाजपा पर धन और बल से सरकारें गिराने का आरोप
विधायक डॉ. बिशनलाल सैनी ने कहा कि भाजपा ने हमेशा धन और बल के साथ कई सरकारों को गिराया गया है, लेकिन हिमाचल में भाजपा की यह कोशिश नाकाम साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हिमाचल में विधायकों पर धन और बल का पूरा इस्तेमाल किया, लेकिन वह अपनी मंशा में कामयाब नहीं हुई।
वहीं विधायक ने विधानसभा सेशन पर कहा कि विधानसभा में इस बार पक्ष ही नहीं, बल्कि विपक्ष के भी कुछ विधायकों को बोलने का पूरा समय नहीं दिया गया। एक विधायक को अपने क्षेत्र की समस्याओं और जनता की बात को सरकार के समक्ष रखने के लिए विधानसभा एक अच्छा माध्यम है, इसलिए विधानसभा के सेशन का समय बढ़ाया जाना चाहिए। जिससे सभी को अपनी बात कहने का पूरा समय मिल सके।