Haryana में शुक्रवार को मानसून की एंट्री हो गई। इससे पहले गुरुवार को मानसून पंजाब और हिमाचल में दाखिल हुआ था। आज मानसून हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब को पूरी तरह कवर कर लेगा। एक जुलाई तक इन सभी जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा के 12 जिलों में आज मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रेवाड़ी, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, करनाल, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला शामिल हैं। बाकी जिलों में येलो अलर्ट है। पंजाब के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज गरज चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है।
हिमाचल में 6 दिन बारिश का अलर्ट
हिमाचल में लगातार 6 दिन बारिश का अलर्ट है। 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें चंबा, कांगड़ा और कुल्लू शामिल हैं। किन्नौर, सिरमौर, सोलन, शिमला, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना में येलो अलर्ट है।हिमाचल प्रदेश में मानसून के दस्तक देते ही लोक निर्माण विभाग ने फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। फील्ड स्टाफ को अब बरसात खत्म होने तक छुटि्टयां नहीं मिलेंगी। PWD कर्मियों को अगले ढाई महीने तक केवल आपातकालीन स्थिति में ही छुट्टी मिलेगी।
PWD के कनिष्ठ अभियंता, सुपरवाइजर, पोकलेन, डोजर, रोबोट, जेसीबी ऑपरेटर, बेलदार को हर वक्त सड़कों पर तैनात रहना होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा समीक्षा बैठक के बाद यह आदेश जारी किए गए हैं।
हरियाणा का तापमान 40 से नीचे
2 दिन से हुई बारिश और हवा चलने के कारण हरियाणा के अधिकतर शहरों का तापमान 40 डिग्री से नीचे है। शुक्रवार को सिरसा का तापमान सबसे ज्यादा 40.6 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान फरीदाबाद का 24.3 दर्ज किया गया। भिवानी के हसान गांव में एक महिला शर्मिला की करंट लगने से मौत हो गई। वह खेत में ट्यूबवेल चलाने गई थी। वहां बारिश के बाद जलभराव से ट्यूबवेल की तार में करंट आ रहा था, जिससे महिला तार से चिपक गई। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों ने बिजली लाइन बंद की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।