Haryana सरकार ने आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर के 7,005 खाली पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस फैसले पर मुहर लगाई है। यह फैसला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लंबे समय से रुकी पड़ी भर्ती प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से लिया गया है।
प्रदेश में आंगनबाड़ी वर्करों के कुल 25,962 स्वीकृत पदों में से 2,549 पद और हेल्परों के 25,450 पदों में से 4,439 पद खाली हैं। विधानसभा बजट सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी द्वारा पूछे गए सवाल पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही इन रिक्त पदों को भरा जाएगा।
पिछले कुछ समय से यह भर्ती प्रक्रिया भारत सरकार के अगस्त 2022 में जारी दिशा-निर्देशों और चयन मानदंडों के कारण रुकी हुई थी। अब मुख्यमंत्री द्वारा मंजूरी मिलने के बाद प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया जा रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि भर्ती जिला स्तर पर होगी या प्रदेश स्तर पर।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, 10 वर्ष से अधिक अनुभव वाली आंगनबाड़ी वर्करों को ₹14,750 और 10 वर्ष से कम अनुभव वाली वर्करों को ₹13,250 मानदेय दिया जा रहा है। वहीं, आंगनबाड़ी हेल्परों को ₹7,900 प्रति माह का मानदेय मिल रहा है।
सुपरवाइजरों के 101 रिक्त पदों को लेकर विभाग ने दिसंबर 2022 और जून 2024 में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को मांग भेजी थी। अब आयोग की सिफारिश के बाद इन पदों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग में भी भर्ती को लेकर प्रगति हो रही है। प्रदेश में 777 डॉक्टरों में से 531 ने पहले ही योगदान दे दिया है। शेष डॉक्टरों को वेटिंग लिस्ट से बुलाया जाएगा। अब तक 200 डॉक्टरों के बायोमेट्रिक और दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।