हरियाणा के कई हिस्सों में पिछली रात से लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने हरियाणा में 26 जुलाई को 9 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
इन 9 जिलों के अलावा हरियाणा के 4 जिलों में स्पेशल चेतावनी जारी की गई है। इनमें पंचकूला, यमुनानगर, सोनीपत और पानीपत शामिल हैं।
उत्तर हरियाणा के कुछ जिलों में रातभर बारिश हुई है। इससे इन जिलों में घग्गर का जल स्तर फिर बढ़ने का अनुमान है। दक्षिण हरियाणा के भी कई शहरों में इस समय बारिश का दौर जारी है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार, करनाल, पानीपत, जींद, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ में लगातार बारिश होने की आशंका है।
हरियाणा में 15 अगस्त तक बारिश के आसार
हरियाणा में बाढ़ से 12 जिले प्रभावित हुए हैं। इनमें 6 जिले यमुना से लगते हैं और 6 जिले घग्गर के साथ लगते हैं। अभी आगे भी बारिश इसी तरह होते रहने की संभावना है। यह सिलसिला 15 अगस्त तक जारी रहने के आसार हैं।
हरियाणा को बाढ़ और बारिश से हुआ नुकसान
- बाढ़ और बिजली गिरने से करीब 2100 पशुओं की मौत
- 2 लाख हेक्टेयर से अधिक फसलों को नुकसान
- बाढ़ की चपेट में 12 जिलों के 1465 गांव
- अब तक 500 करोड़ रुपए का नुकसान
- 3878 मकानों को आंशिक नुकसान
- 232 मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त
- अब तक 40 लोगों की मौत
- 6 लोग घायल, 2 लापता

