हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नफे सिंह राठी को श्रद्धांजलि दी। पूर्व विधायक की रविवार को बहादुरगढ़ में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं वर्ष 2000 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में नफे सिंह राठी को कड़ी टक्कर देने वाले कांग्रेस प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय किसान नेता रमेश दलाल ने उनकी हत्या में बड़ी साजिश का आरोप लगाया है। रमेश दलाल ने आशंका जाहिर की है कि नफे सिंह राठी की हत्या के पीछे कोई बड़ी सुनियोजित साजिश अवश्य है।
गौरतलब है कि इनेलो प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नफे सिंह राठी का विवादों से भी नाता रहा है। हालांकि उनकी छवि कार्यकर्ताओं के बीच बड़े हमदर्द नेता के रूप में रही है। यही वजह है कि लंबे समय से उनसे जुड़े कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि कई विपक्षी नेता आज भी उनके परिवार के साथ जुड़े हैं। बताया जा रहा है कि नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन कर्मबीर राठी और मौजूदा चेयरपर्सन सरोज राठी के पति रमेश राठी के साथ इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह के परिवार का जमीनी विवाद चल रहा है। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। जिसमें उनके पार्षद पुत्र की गिरफ्तारी हुई, जबकि जनवरी 2023 में पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के पुत्र जगदीश नंबरदार की आत्महत्या मामले में इनेलो नेता नफे सिंह राठी पर मामला दर्ज हुआ था।

बताया जा रहा है कि इस मामले में उन्हें न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल गई थी। वहीं इसी मामले में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी और उनके पुत्र पार्षद जितेंद्र राठी का पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस भी निलंबित कर दिया था। पुलिस के अनुसार कुछ साल पहले भी उनका एक आपरााधिक मामले में नाम आया था। हालांकि बाद में वह न्यायालय से बरी हो गए थे।

वहीं किसान नेता रमेश दलाल का कहना है कि जिस प्रकार नफे सिंह राठी के हत्याकांड की घटना को अंजाम दिया गया और ट्रेंड शार्प शुटर्स को इस घृणित कांड में लगाया गया, उससे साफ जाहिर होता है कि हत्या के पीछे बहुत बड़ी राजनीतिक साजिश भी हो सकती है। चुनाव के नजदीक सरेआम जनता के बीच एक राजनीतिक नेता की हत्या बिना प्रभावशाली राजनीतिक नेताओ के संरक्षण के संभव नहीं हो सकती। रमेश दलाल ने कहा कि घटना के समय और स्थान से एक गहरी साजिश की बू आ रही है। रमेश दलाल का आरोप है कि हत्यारे इतने बेखौफ तभी हो सकते हैं, जब उनके पीछे कोई बड़ी शक्तिशाली और प्रभावशाली मदद का भरोसा हो।

रमेश दलाल ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नफे सिंह राठी की हत्या के पीछे की साजिश को तुरंत बेनकाब किया जाए। एक राजनेतिक नेता की सरेआम बेखौफ तरीके से हत्या करने वाले सरेआम घूम रहे हैं। इस हत्या से पूरे हरियाणा में असुरक्षा का माहौल बन गया है। यदि हत्या के पीछे की साजिश को जल्द बेनकाब नहीं किया गया तो अपराधियों के हरियाणा प्रांत में हौसले बुलंद होंगे।

रमेश दलाल ने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में नफे सिंह राठी के परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि निजी रूप से मेरे लिए भी यह आघात है, क्योंकि मैंने अपने कॉलेज के एक साथी को खो दिया है।