हरियाणा के जिला सोनीपत में गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सुजान सिंह पार्क से नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर मामा भांजा चौक, विवेकानंद चौक, सेक्टर-15 स्थित गुरुद्वारा साहिब, सेक्टर-14 गुरुद्वारा गुरु नानक सत्संग सभा, गीता भवन चौक, मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा कलगीधर सिंह सभा होते हुए वापस गुरुद्वारा सुजान सिंह पार्क में संपन्न हुआ।
इस दौरान गुरुद्वारा समिति के सदस्य परमजीत सिंह ने बताया कि सिखों के 10वें गुरु एवं महान योद्धा गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन निकाला गया। गुरु गोविंद सिंह का 357वां प्रकाश पर्व 17 जनवरी को मनाया जाएगा। नगर कीर्तन के दौरान सतनाम वाहेगुरु के जयकारों से नगर का माहौल भक्तिमय हो गया। भजन मंडली ने कीर्तन करके गुरु गोबिंद सिंह की शहादत व वीरता को याद किया। शहर के मुख्य मार्गों से ढोल नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ नगर कीर्तन हर्षोल्लास से निकाला गया। मार्ग में श्रद्धालु ने फूलों की वर्षा करके नगर कीर्तन का स्वागत किया।

पालकी के आगे गुरु गोविंद सिंह के पंच प्यारे चल रहे थे। नगर कीर्तन में गतका पार्टी और सिख मार्शल आर्ट के सदस्यों ने सभी को हैरतअंगेज करतब दिखाए। गतका पार्टी ने शस्त्रों का प्रदर्शन करते हुए आत्मरक्षा का संदेश दिया। संगत ने गुरबाणी कीर्तन से सभी को निहाल किया। मुख्य मार्गों पर संगत की ओर से नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों ने शामिल होकर सेवा की। पंज प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी पालकी पर विराजमान थी।

इस दौरान गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सरदार कुलदीप सिंह और महासचिव सुरेंद्र सिंह ने संगत को बधाई दी। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी को गुरुद्वारा साहिब में कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। जिसमें रागी एवं ढाडी जत्थे संगत को कीर्तन एवं गुरु इतिहास का श्रवण करवाएंगे। इस मौके पर गुरुद्वारा समिति के सदस्य हरगोविंद सिंह, राकेश सचदेवा, दलजीत सिंह, गुरदीप सिंह, दलजीत सिंह और हरदीप सिंह सहित साध-संगत मौजूद रही।
