weather 7 10

करनाल कार्यक्रम में खट्टर का पलटवार, कहा विपक्ष ने वही मुद्दे उठाए, जो उनके ही समय के हैं

हरियाणा करनाल

➤करनाल में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस कार्यक्रम, मनोहर लाल और महिपाल ढांडा पहुंचे
➤मनीषा मर्डर केस पर बोले खट्टर, सीबीआई जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा
➤विपक्ष पर हमला, राहुल गांधी यात्रा और वोट मुद्दे पर बयान

करनाल में आयोजित राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शिरकत की। यह कार्यक्रम डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम में हुआ, जहां विभिन्न अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया और अंतरिक्ष विज्ञान के महत्व पर चर्चा की गई।

image 167

मंच से बोलते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की सफलता को याद करते हुए कहा कि अब हर साल इस दिन को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब अंतरिक्ष विद्या का विकास रुक गया था, लेकिन आज भारतीय वैज्ञानिकों ने विश्व में देश का नाम रोशन किया है।

Whatsapp Channel Join

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में खट्टर ने कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हाल ही में संसद का सत्र विपक्ष के कारण नहीं चल पाया। विपक्ष ने उन्हीं मुद्दों को उठाया जो उनके शासनकाल के दौरान के हैं, बावजूद इसके उन्होंने लगातार व्यवधान डाले। खट्टर ने कहा कि जनता ऐसे विपक्ष को सबक सिखाने में देर नहीं करेगी।

image 168

मनीषा हत्याकांड के सवाल पर खट्टर ने साफ कहा कि सरकार इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। पोस्टमॉर्टम परिवार की संतुष्टि के लिए तीन बार कराया गया और हरियाणा पुलिस जांच कर रही थी। परिवार की मांग को देखते हुए सरकार ने सीबीआई जांच की मंजूरी भी दे दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

image 169

पत्रकारों ने राहुल गांधी की यात्रा पर सवाल किया तो खट्टर ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को यात्रा करने और अपनी बात रखने का अधिकार है। लेकिन बिहार में घुसपैठियों के वोटों का फायदा हमेशा विपक्ष को मिलता रहा है। नकली वोटों की जांच शुरू होते ही विपक्ष सबसे ज्यादा परेशान दिखाई दे रहा है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।”

कार्यक्रम के बाद मनोहर लाल खट्टर करनाल रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हो गए।