हरियाणा की कड़ाके की ठंड के बीच राजनीति की तपिश बढ़ गई है। जहां राष्ट्रीय और तीन क्षेत्रीय पार्टियां पहले से मौजूद हैं, वहीं नवीन जयहिंद के नई राजनीतिक पार्टी बनाने की चर्चाएं जोरों पर हैं। जयहिंद सेना प्रमुख Naveen Jaihind ने सिटी तहलका से बातचीत में पार्टी बनाने को लेकर इशारा किया है।
नवीन जयहिंद ने बताया कि वह महाकुंभ स्नान के बाद भोले बाबा से दिशा-निर्देश लेकर अंतिम निर्णय करेंगे। उन्होंने कहा कि वह हरियाणा के 100 शेरदिल युवाओं को पहचानने का अभियान शुरू करेंगे, जो बाज की तरह सरकार और नेताओं के कामकाज पर नजर रख सकें।
उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की तरह नेताओं को भी जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। नेता को अपनी मासिक कार्यशैली का लेखा-जोखा देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता उनकी झोपड़ी में आकर शिकायतें लेकर आती है, लेकिन नेताओं के पास क्यों नहीं जाती।
बीजेपी या कांग्रेस में जाने के सवाल पर नवीन जयहिंद ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी या विपक्ष अपनी जवाबदेही तय कर लेते हैं और जनता के लिए काम करने का वादा करते हैं, तो वह उनकी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। आम आदमी पार्टी में जाने को उन्होंने अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा पाप बताया और इसके लिए भगवान से माफी मांगी।
नवीन जयहिंद का दावा है कि पिछले 20 वर्षों में उनकी टीम ने जितने आंदोलन किए हैं और जितनी लाठियां खाई हैं, उतना किसी और नेता या टीम ने नहीं किया। उन्होंने चुनौती दी कि कोई और ऐसा नाम बताए तो वह 20 हजार का इनाम देंगे। महाकुंभ के बाद हरियाणा की राजनीति में नई पार्टी के गठन से हलचल मचने की संभावना है। नवीन जयहिंद का यह कदम राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है।