हरियाणा में लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा बदलाव किया है। ओमप्रकाश धनखड़ को हटाकर कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी को भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं ओमप्रकाश धनखड़ को पार्टी ने राष्ट्रीय सचिव बनाया है।
कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी को भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इनकी नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने की। उनकी यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसके साथ ही मौजूदा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ को पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। साथ ही नायब सैनी की प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
बता दें कि नायब सैनी स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य हैं। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। अगले साल ही पूरे देश में आम चुनाव भी हैं। ऐसे में भाजपा ने नायब सिंह सैनी को बड़ी जिम्मेदारी दी है। राज्य में विपक्षी पार्टी कांग्रेस लगातार सरकार पर हमले कर रही है। ऐसे में सगंठन को कैसे मजबूत किया जाए और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए कैसे तैयार किया जाए, संभवत: इन मुद्दों पर ही नए प्रदेश अध्यक्ष का फोकस होगा।

वहीं ओमप्रकाश धनखड़ ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि धन्यवाद केंद्रीय नेतृत्व, धन्यवाद प्रदेश टीम भाजपा, धन्यवाद जिला अध्यक्ष, जिला टीम, धन्यवाद मंडल अध्यक्ष, मंडल टीम, धन्यवाद शक्तिकेंद्र प्रमुख, सहप्रमुख, धन्यवाद त्रिदेव, बूथ समिति, धन्यवाद पन्ना प्रमुख, आप सब ने संगठन कार्य हेतु परिश्रम की पराकाष्ठा की। दिल गहराइयों से आभार, नमन आपकी मेहनत को बधाई नायब सिंह सैनी को प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व के लिए।
इससे पहले ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रदेशाध्यक्ष बदलने को लेकर बयान दिया था। उनका कहना था कि बदलाव एक सतत प्रक्रिया है। हाल ही में कई राज्यों के पार्टी ने अध्यक्ष बदले हैं। उसी तरह मेरे भी अभी तक कई रोल भारतीय जनता पार्टी में रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनना किसी का ठेका नहीं है, जो पार्टी चाहेगी वैसा ही होगा। बता दें कि ओमप्रकाश धनखड़ हरियाणा में भाजपा सरकार के 9 साल पूरे होने पर चंडीगढ़ पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने को लेकर यह बयान दिया।

वर्ष 2014 में प्रदेश के कृषि मंत्री थे धनखड़
वर्ष 2014 में मनोहर लाल खट्टर सरकार के पहले चरण की सरकार में ओमप्रकाश धनखड़ बादली विधानसभा से विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्हें कृषि, मत्स्य, नहरी मंत्री बनाया गया था। वर्ष 2019 के चुनाव में धनखड़ हरियाणा के उन भाजपाई मंत्रियों में शामिल थे, जो चुनाव हार गए थे। इससे पहले के उनके राजनीतिक करियर की बात करें तो वह वर्ष 1978 में राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ से जुड़ गए थे। इसके बाद विद्यार्थी जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में काम किया। उन्होंने धीरे-धीरे संगठन में अपनी जगह बनाई।
हरियाणा जाटलैंड में बड़ा चेहरा है ओपी धनखड़
हरियाणा की जाटलैंड में ओमप्रकाश धनखड़ भाजपा में बड़ा चेहरा हैं। धनखड़ जाटलैंड रोहतक से हैं, जहां कांग्रेस के जाट नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का दबदबा माना जाता है। धनखड़ को चुने जाने के पीछे कई फैक्टर जुड़े हैं। वह लंबे समय से आरएसएस से जुड़े रहे हैं। भाजपा के साथ-साथ संघ को भी उनके प्रदेशाध्यक्ष बनने पर कोई आपत्ति नहीं थी। इसी के साथ अनुभव भी धनखड़ का प्लस प्वाइंट रहा है। वह भाजपा के किसान मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन में लंबे समय से काम कर रहे हैं।

भाजपा की अच्छी नीतियों का किया गुणगान
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने सरकार के 9 साल पूरे होने पर खूब गुणगान भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार की अच्छी नीतियों के कारण आज प्रदेश के हर घर में नल से जल पहुंच रहा है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछ चुका है। यहां तक कि चिरायु योजना का लोगों को लाभ मिला है। मोदी और मनोहर सरकार ने बदलाव का काम किया है। किसानों के हित में भी खूब काम किए हैं। सूबे में किसानों को खराब फसलों का मुआवजा दिया जा चुका है।

