राजकीय महिला कॉलेज में आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की टीम में शामिल तीन जवान आज भी हरियाणा में जागरूकता और उत्साह का स्रोत हैं। इनमें से दो रेवाड़ी और एक महेंद्रगढ़ के हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने इन जवानों को जिले के डीसी के माध्यम से सम्मानित किया है और उनकी बहादुरी की सराहना की है। इस अवसर पर सीएम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की टीम के ये जवान आज भी उत्साह और उनमें जोश से भरे हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस का योगदान देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और आज भी उनकी शिक्षाओं से हमें प्रेरणा मिलती है। हरियाणा ने देश की सेना में अहम योगदान दिया है और प्रत्येक युद्ध में यहां के जवानों ने अपना खून दिया है। उन्होंने मेरिट पर आधारित नौकरियों का भी समर्थन करते हुए कहा कि नौकरी देने का मापदंड मेरिट पर होगा, न कि किसी के रिश्ते के आधार पर होगा।

नेताजी की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने दौरे के दौरान गुफा वाले मंदिर में भी मत्था टेंका और नेताजी सुभाष चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री महिला कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे और युवाओं से कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का योगदान देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और हमें उनके उत्साह और दृढ़ संकल्प का लाभ मिल रहा है।

प्रधानमंत्री नेहरू के हाथ में थी सिगार
वहीं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने मंच से उठकर प्रधानमंत्री नेहरू पर निशाना साधते हुए कहा कि आज के प्रधानमंत्री मोदी ने 108 मनकों की माला दी है, जबकि प्रधानमंत्री नेहरू के हाथ में सिगार थी। इसके साथ ही उन्होंने नए भारत की ऊर्जा की बात की और कहा कि 2047 में नई पीढ़ी को नया भारत मिलेगा। वहीं राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा ने भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की महत्वपूर्ण भूमिका पर बातें करते हुए कहा कि अगर अंग्रेजों को पता होता कि नेताजी की मौत हो गई है, तो वे भारत छोड़कर नहीं जाते। नेताजी का डर अंग्रेजों को था और इस भूमिका को भूलना गलत है।

नवीन जयहिंद को पुलिस ने नहीं काटने दिया केक
सूत्रों अनुसार नवीन जयहिंद नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर केक काटने के लिए जा रहे थे, परंतु उन्हें पुलिस ने रोक दिया। वहीं पुलिस ने मुद्दे को लेकर बहाना बनाया कि वह पुलिस लॉ एंड ऑर्डर को ताक पर लाने का प्रयास कर रहे थे। वहीं आप नेता लवलीन टुटेजा के घर भी पुलिस पहुंची, जो मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रतिरोध करती रहती हैं। इसलिए उन्हें पुलिस ने पहुंचने से रोका और उनके आवास के बाहर पहरा लगा दिया।


